सारण में कन्हैया के काफिले पर हमला, हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग, यहां पढ़े पूरी खबर
सारण/पटना। 30 जनवरी से शुरू हुए गांधी आश्रम चंपारण से संविधान बचाओ, नागरिकता बचाओ जत्था पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया गया। शनिवार को छपरा में सभा स्थल जाने से पहले सारण जिले के कोपा थाना के पास सीपीआई के युवा नेता एवं जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार के काफिले पर असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए पथराव में कई लोग घायल हो गए हैं। हमला सीवान-छपरा मार्ग में कोपा थाने से तकरीबन 300 मीटर की दूरी पर हुआ। हालांकि इस हमले में कन्हैया कुमार सुरक्षित हैं। उन्होंने घटना के बाद पूर्व घोषि कार्यक्रम के तहत सभा भी की। उक्त जानकारी एनपीआर, एनआरसी, सीएए विरोधी संघर्ष मोर्चा ने सीवान से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है। विज्ञप्ति के अनुसार काफिले पर 15 से 20 लोगों ने पथराव किया, जिसके चलते काफिला रथ के ड्राइवर और कुछ अन्य साथियों को चोटें आई है। इसके अलावा काफिला रथ समेत कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हंै। घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है।


पार्टी नेताओं ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि पुलिस को पहले से ही हमले का अंदेशा था। यही वजह रही होगी कि कन्हैया कुमार और कांग्रेस विधायक डॉ. शकील अहमद खान को हमला होने वाले स्थान से कुछ दूर पहले ही पुलिस ने अपनी जीप में बैठा लिया था। कन्हैया और डॉ. शकील ने पुलिस जीप में जाने से इंकार भी किया लेकिन बाद में वो इस बात के लिए राजी हो गए। बाद में इस काफिले पर असामाजिक तत्वों ने बड़े-बड़े पत्थर और ईंट फेंककर हमला किया।

बता दें कि एनपीआर, एनआरसी, सीएए विरोधी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले निकली जन गण मन यात्रा में आज कन्हैया की सभा छपरा के हवाई हड्डा मैदान में होनी थी। सभा के लिए जाते वक्त उनके काफिले पर हमला हुआ। हमले के चलते हुए थोडेÞ व्यवधान के बाद कन्हैया ने हवाई अड्डा मैदान में सभा की। इस मोर्चे में 100 से अधिक सामाजिक संगठन, ट्रेड यूनियन, राजनीतिक दल के प्रतिनिधि शामिल हंै। बिहार के 38 जिलों से ये यात्रा गुजरेगी और 29 फरवरी को पटना के गांधी मैदान में रैली होगी। जिसमें कन्हैया सहित जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष आइशी घोष के अलावा अन्य संबोधित करेंगे।
कन्हैया के काफिले पर हमले की निंदा करते हुए मोर्चा ने मांग किया कि नीतीश सरकार हमलावरों को चिन्हित करके सख्त कार्रवाई करें, साथ ही पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित की जाएं। वहीं सीपीआई एम ने घटना की निंदा करते हुए इसे कायरतापूर्ण हमला बताया। यात्रा जत्था को पूर्ण सुरक्षा देने की मांग राज्य सरकार से की है।

