सहरसा में कुख्यात समेत तीन बदमाश पिस्तौल के साथ गिरफ्तार, हाल ही में छूटा है जेल से
सहरसा। बिहार के सहरसा जिले के सदर थाना पुलिस ने कुख्यात भरत यादव समेत उसके दो अन्य साथियों को पिस्तौल व तीन गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने पिछले दिनों रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित तीन दुकानों से चोरी किए गए सामानों व नकदी भी बरामद की है। बता दें भरत यादव का आपराधिक रिकार्ड पुराना रहा है। इसपर दर्जन भर से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि मो. कुर्बान पर भी आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। चोरी के मामले में ही 22 माह बाद जमानत पर कुर्बान छूटा है। वहीं भरत यादव भी कुछ दिनों पहले ही जेल से बाहर निकला था।
रविवार को सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि चोरी की घटना को लेकर सदर थानाध्यक्ष आरके सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। सूचना मिली कि कुख्यात भरत यादव अपने साथियों के साथ सुलिदाबाद में मुकेश ठाकुर के यहां है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। जिस आलोक में शनिवार की रात छापेमारी की गई तो खगड़िया जिले के मानसी थाना के रोहियार गांव निवासी भरत यादव, पस्तपार के लहौना गांव निवासी मो. कुर्बान एवं मुकेश ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। जबकि एक बदमाश सदर थाना के अलीनगर निवासी छोटू मियां भागने में सफल रहा। तलाशी के दौरान अपराधियों के पास से एक पिस्तौल व तीन गोली बरामद किया गया। जबकि घर की ली गई तलाशी के दौरान रिफ्यूजी चौक पर तीन दुकानों में हुई चोरी की गई चायपत्ती, बैग व कुछ खुदरा रुपये की बरामदगी की गई है, साथ ही एक बाइक भी बरामद की गई है, जो चोरी का प्रतीत हो रहा है।


