समस्तीपुर में अपराधियों ने मुखिया की गोली मारकर की हत्या

समस्तीपुर। बेखौफ अपराधियों ने जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रतवारा पंचायत के मुखिया मो. शफी की बीती रात गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना उस समय हुई जब वह रात करीब 9 बजे के आसपास पंचायत के मनरेगा भवन से पैदल ही अपने घर जा रहे थे। इसी बीच अपराधियों ने मुखिया पर ताबरतोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए वे घर की ओर भागे, इसी बीच एक गोली उनके सीने के दाहिने भाग में लग गई और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश पैदल ही कुहासे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुखिया के सीने में दो गोली लगने की बात कही जा रही है। एसपी विकास वर्मन ने बताया कि अभी हत्या का कारण पता नहीं चल सका है। बदमाशों की संख्या 3-4 की बताई गई है।
परिजनों के द्वारा घायल मुखिया को आनन फानन दरभंगा के पारस अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन, डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखकर डीएमसीएच ले जाने की सलाह दी। फिर डीएमसीएच में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां इलाज शुरू होते ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थानाध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
