सबके सहयोग से ही कोरोना महामारी से जंग जीत सकते हैं : डीजीपी
लखीसराय। पटना से मुंगेर जाने के क्रम में मंगलवार को लखीसराय जिले की पचमहला ओपी के समीप बिहार पुलिस के मुखिया गुप्तेश्वर पांडेय का मुंगेर डीआईजी मनु महाराज एवं लखीसराय के एसपी सुशील कुमार ने अगुवानी की। मौके पर डीजीपी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कोरोना भयानक संक्रामक बीमारी है। इससे बचने के लिए लोग अपने घर में रहें। सबके सहयोग से ही इस बीमारी से जीता जा सकता है। बिहार के लोगों से मेरी अपील है कि सभी आपसी सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखें। जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई भ्रामक पोस्ट न डालें, जिससे की लोगों को परेशानी हो।
बाहर से आ रहे अप्रवासी मजदूरों के बारे में पूछे जाने पर डीजीपी ने कहा कि उनके बिहार लौटने पर उनके साथ सहयोगात्मक व्यवहार करें। बिहार में सभी जगह क्वारंटाइन सेंटर बना हुआ है, वहां प्रवासी लोगों को रजिस्ट्रेशन एवं थर्मल स्क्रीनिग करके रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान पुलिस अग्रिम पंक्ति में खड़ी होकर लोगों की सेवा कर रही है। अगर कोई पुलिस कर्मी छोटी-मोटी गलती कर दे तो आपलोग नजरअंदाज कर दें। लेकिन, बड़ी गलती को कभी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।


