सफलता : अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाला तस्कर गिरफ्तार, असलहा बरामद
मुंगेर। मुंगेर एसपी लिपि सिंह के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले एक बड़े हथियार तस्कर को मुंगेर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से तीन पिस्टल और छह मैगजीन भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार तस्कर ने बिहार के कई जिलों तथा बिहार से बाहर भी हथियारों की आपूर्ति करने की बात स्वीकार की है।
मुंगेर एसपी लिपि सिंह ने बताया कि स्पेशल इंटेलिजेंस एंड आपरेशन यूनिट को हथियार तस्करों के मूवमेंट और आर्म्स डीलिंग की सूचना मिली थी। यूनिट की टीम दो दिनों से हथियार तस्करों के मूवमेंट और आर्म्स डीलिंग पर लगातार नजर रख रही थी। सूचना के सत्यापन के बाद एएसपी सदर हरिशंकर कुमार द्वारा कासिम बाजार थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार और एसआईओयू की टीम के साथ छापामारी की गई। छापामारी के दौरान ही मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बरदह निवासी मो. सोनू उर्फ हसनैन को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 7.65 के तीन पिस्टल, छह मैगजीन और एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया है।


एसपी ने बताया कि गिरफ्तार हथियार तस्कर ने स्वीकार किया है कि वह हथियारों की आपूर्ति किया करता था तथा आर्म्स डीलिंग में मिडिलमैन का काम करता था। हथियार बनाने वाले से लेकर वह दूसरे जगहों पर हथियार भी बेचा करता था। गिरफ्तार सोनू अपने मामा मिर्जापुर बरदह निवासी महफूज के साथ मिलकर हथियारों का धंधा करता था। गिरफ्तार हथियार तस्कर सोनू उर्फ हसनैन आर्म्स डीलिंग में अपना नाम बदलकर हथियारों को डील करता था। उसने बिहार से बाहर यूपी के कई जिलों के हथियार तस्करों के साथ भी संपर्क होने की बात स्वीकार की है। बिहार से बाहर भी कई बार उसने हथियारों की आपूर्ति की थी। पहले भी वह हथियार तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।

