PATNA : सगुना मोड़ के पास बेलगाम कार ने 5 बाइक को मारी टक्कर, 3 घायल, कार जब्त
पटना। राजधानी पटना में सगुना मोड़ के पास उस वक्त अफरातफरी मच गयी, जब एक तेज रफ्तार कार ने 5 मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिसमें एक ही हालत गंभीर बतायी जा रही है। सगुना मोड़ से कुछ दूरी पर स्थित हाथीखाना मोड़ के पास मंगलवार को एक कार ने एक साथ 5 बाइकों में टक्कर मार दी। घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ लग गई, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सगुना मोड़ की ओर से एक तेज रफ्तार कार दानापुर कैंट एरिया की तरफ जा रही थी। उक्त कार अम्बेडकर पार्क के पास अनियंत्रित हो गई और एक-एक कर 5 बाइक को ठोक दिया। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिसमें एक बाइक सवार की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। इस दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ लग गई और आवागमन कुछ समय के लिए अवरूद्ध हो गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सामान्य करायी। पुलिस के अनुसार, कार को जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


