BIHAR : शुक्रवार से दिखेगा मौसम में बदलाव, बढ़ेगी ठंड
पटना। बिहार के लोग ठंड से दो-चार होने के लिए तैयार हो जाएं। मौसम बदल रहा है और इसका असर शुक्रवार से दिखेगा। कोहरा के कारण धूप में तपिश कम होगी, जिससे ठंड बढ़ेगी। साथ ही सेहत के साथ वायुयान और ट्रेनों पर भी असर पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्र में होने वाली बर्फबारी और बर्फीली हवाओं का असर पटना सहित बिहार के अन्य जिलो में दिखाई देगा। अनुमान है कि 18 दिसंबर के बाद से पटना सहित बिहार के अन्य क्षेत्रों में न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री से. तापमान गिर सकता है। गुरुवार को पटना का अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 13 डिग्री होने की उम्मीद है। गुरुवार को सुबह कोहरा धुंध के बाद दोपहर तक मौसम साफ रहने का अनुमान है।
एक दर्जन जिलों में हल्की और मध्यम बारिश
बिहार के तटवर्ती क्षेत्र बक्सर, भभुआ, रोहतास, भोजपुर, सारण, सीवान, गोपालगंज, मधुबनी सहित एक दर्जन जिलों में बुधवार को सुबह से हल्की और मध्यम बारिश हुई। इसके साथ ही अरब सागर से आ रही नमी और झारखंड बिहार के ऊपर चक्रवाती हवाओं से पटना सहित बिहार के अन्य जिलों में पूरे दिन बादल छाए रहे। इससे न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई है। सुबह जहां पटना में अधिकतम तापमान 17 डिग्री से. रिकॉर्ड किया गया वहीं शाम होते होते तापमान 20 डिग्री से. जा पहुंचा।


