February 16, 2026

शिवानंद बोले, कांग्रेस की हालत बिना पतवार के नाव की तरह तो कांग्रेस बोली- भाजपा में जाने की है तैयारी

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को मिली हार का ठिकरा राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने एक बार फिर कांग्रेस के मत्थे फोड़ कर राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है। शिवानंद तिवारी ने कहा है कि कांग्रेस को ज्यादा सीटें देने की वजह से ही महागठबंधन चुनाव में जीत नहीं सकी। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए बैठक होने वाली है। उससे पहले शिवानंद तिवारी ने सोशल मीडिया पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी को निशाने पर लिया है। वहीं कांग्रेस ने शिवानंद तिवारी पर पलटवार करते हुए कांग्रेस विरोधी मानसिकता का व्यक्ति बताया है।
सोशल मीडिया पर शिवानंद ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी की बैठक होने जा रही है। पता नहीं उस बैठक का नतीजा क्या निकलेगा। लेकिन यह स्पष्ट है कि कांग्रेस की हालत बिना पतवार के नाव की तरह हो गई है। कोई इसका खेवनहार नहीं है। राहुल गांधी अनिच्छुक राजनेता हैं। वैसे भी यह स्पष्ट हो चुका है कि राहुल गांधी में लोगों को उत्साहित करने की क्षमता नहीं है। जनता की बात तो छोड़ दीजिए, उनकी पार्टी के लोगों का ही भरोसा उन पर नहीं है।
शिवानंद ने कहा कि खराब स्वास्थ्य के बावजूद बहुत ही मजबूरी में सोनिया जी कामचलाऊ अध्यक्ष के रूप में किसी तरह पार्टी को खींच रही हैं। आज उन्हीं सोनिया जी के सामने एक यक्ष प्रश्न है ‘पार्टी या पुत्र’? या यूं कहिए कि ‘पुत्र या लोकतंत्र’? कहा कि मेरे अंदर का पुराना राजनीतिक कार्यकर्ता मुझे बोलने के लिए दबाव दे रहा है। संभव है, जिस पार्टी में मैं हूं, उसका नेतृत्व मेरी इस बात को पसंद नहीं करें। लेकिन अब मैं किसी के पसंद और नापसंद से ज्यादा अहमियत अपनी आत्मा के आवाज को देता हूं और उसी की आवाज के अनुसार मैं सोनिया जी से नम्रतापूर्वक अपील करता हूं कि जिस तरह से आपने प्रधानमंत्री की कुर्सी का मोह त्याग कर कांग्रेस को बचाया था, आज उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि पुत्र मोह त्याग कर देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए कदम बढ़ाइए।
कांग्रेस का पलटवार
सोशल मीडिया पर शिवानंद तिवारी के बयान आने के बाद कांग्रेस उखड़ गई है। बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रेमचंद मिश्रा ने कहा है कि शिवानंद तिवारी कांग्रेस विरोधी मानसिकता के व्यक्ति हैं। उनकी भाषा भाजपा की भाषा है। वे भाजपा में जाने की तैयारी कर रहे हैं। उम्मीद है राजद नेता व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव उन पर कार्रवाई करेंगे।

You may have missed