शिलान्यास और कार्यारंभ में जनता को उलझाएं हैं पीएम-सीएम : राजेश राठौड़
पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव करीब आते ही स्वघोषित विकास पुरुष नीतीश कुमार शिलान्यास हो चुकी योजनाओं का भी दुबारा शिलान्यास कर रहे हैं। पूर्व में इनके ही गठबंधन के राष्ट्रीय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फरवरी 2019 को पटना मेट्रो रेल का शिलान्यास किया गया था लेकिन छद्म विकास के प्रतीक नीतीश कुमार द्वारा उसी योजना का पुन: शिलान्यास करना उनकी जनता को ठगने की नीति है। शब्दों की बाजीगरी में उलझाकर बिहार की आम जनता के सपनों का दोहन करने वाले नीतीश कुमार और भाजपा के गठबंधन वाली सरकार हर रोज नई योजनाओं के शिलान्यास के जल्दबाजी में पूर्व में किये गए घोषणाओं का भी दुबारा कार्यारंभ करवा दे रही है।
पटना मेट्रो रेल की शिलान्यास जब एक बार नरेंद्र मोदी ने बरौनी से रिमोट के जरिये कर ही दी थी तो नीतीश कुमार द्वारा उसी योजना का पुन: शिलान्यास करने की जरूरत क्या आन पड़ी? कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि 15 साल के नीतीश शासन से आम जनता को सिर्फ झूठे वादों का पुलिंदा मिला है। बिहार की जनता इनके दिखावे को जान चुकी है और इस बार राजग के बड़े और छोटे भाई के झूठे घोषणाओं में उलझने वाली नहीं है और इन्हें सत्ता से बेदखल करने का मन बना चुकी है।


