शिक्षा व रोजगार मुद्दे पर रालोसपा का मानव कतार 24 को, वीआईपी का मिला समर्थन

पटना। विकासशील इंसान पार्टी ने जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर 24 जनवरी को राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) द्वारा आहूत शिक्षा व रोजगार के सवाल पर आयोजित हो रही मानव कतार को समर्थन देने का निर्णय लिया है। उक्त जानकारी वीआईपी के नेता संतोष कुशवाहा ने दी। उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी के निर्देशानुसार प्रदेश भर में वीआईपी के नेता व कार्यकर्ता रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में 24 जनवरी को शिक्षा और रोजगार मुद्दे पर मानव कतार में खड़े होंगे। बता दें कि रालोसपा ने राज्य के सभी विद्यालयों के सामने सुबह 11:30 बजे मानव कतार लगाने का कार्यक्रम निर्धारित किया है। इस दौरान श्री कुशवाहा ने जल जीवन हरियाली के नाम पर बन रही मानव श्रृंखला को जनता की गाढ़ी कमाई का दुरूपयोग बताया। उन्होंने कहा कि 15 सालों में नीतीश सरकार ने बिहार को बदहाल कर दिया है। यह सरकार आज मानव श्रृंखला के लिए दर्जन भर से ज्यादा हेलीकॉप्टर से फोटोग्राफी करवा रहे हैं, लेकिन पटना समेत बिहार के बाढ़ग्रस्त इलाकों में कभी इतने हेलीकॉप्टरों से बाढ़ राहत करना नीतीश सरकार ने कभी जरूरी नहीं समझा। यह प्रदेश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
