शर्मनाक : लड़की की बीच सड़क पर ग्रामीणों ने की पिटाई, तमाशबीन बन रहे लोग
पटना। बिहार में एक बार फिर शर्मसार करने वाली घटना घटी है। वैशाली जिले में दर्जनों लोगों की मौजूदगी में एक लड़की का बाल पकड़कर ग्रामीणों ने जमकर पीटा है। लेकिन किसी ने उस लड़की को बचाने के लिए किसी तरह की जहमत नहीं उठायी, लोग सिर्फ तमाशबीन बन रहे।
वैशाली के गोरौल थाना क्षेत्र के हुसैना खुर्द वार्ड नंबर 12 के जनप्रतिनिधि शिव प्रसाद सुमन के भांजी की शादी मुजफ्फरपुर के लड़के के साथ तय हुई थी। यह शादी 25 जून (आज) को होनी थी। जनप्रतिनिधि शिव प्रसाद सुमन के भांजी के साथ जिस लड़के की शादी तय हुई थी, वह लड़का एक वर्ष पहले ही मुजफ्फरपुर के ही एक लड़की के साथ कोर्ट मैरेज कर चुका था। अपने पति की शादी दुबारा होने की जानकारी पर लड़की मुजफ्फरपुर से हुसैन खुर्द आॅटो से दिन के करीब 4 बजे आई। गांव के लोगों ने पहले तो उसे चोर-चोर का हल्ला कर आॅटो में ही पिटाई कर दी। बाद में उस लड़की को बीच सड़क पर बाल पकड़कर घसीटते हुए कुछ दूर स्थित उक्त जनप्रतिनिधि के दलान में बंधक बना कर रखा। लड़की को जब बाल पकड़कर बीच सड़क पर घसीटा जा रहा था, तब सैकड़ों लोगों की भीड़ इकठ्ठा थी। लड़की बार-बार न्याय की गुहार लगाती रही। लेकिन लोग उसे घसीटते रहे और लोग वीडियो बना कर मजे लेते रहे।
पीड़ित लड़की ने बताया कि आपके परिवार के जिस लड़की की शादी मुजफ्फरपुर के जिस लड़के के साथ तय हुई है। उसके साथ वह आज से एक वर्ष पहले ही कोर्ट मैरेज कर चुकी है। बाद में लड़की के परिजनों को सूचना दी गई। जिस लड़के से उसने एक वर्ष पूर्व कोर्ट मैरेज की थी, उसके परिजनों को भी सूचना दी गई। दोनों के परिजन मुजफ्फरपुर से हुसैना खुर्द गांव पहुंचे। दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद उनकी शादी करा दी गई।


