वैशाली में अपराधियों ने मुखिया पति को मारी ताबड़तोड़ गोली, मौत
वैशाली। लॉकडाउन के बीच बिहार में अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है। अपराधी ताबड़तोड़ अपराधिक वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। शुक्रवार को वैशाली जिले में अपराधियों ने मुखिया पति की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना बिदुपुर थाना के पानापुर चौक की है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि राजनीतिक रंजिश के चलते अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार लव कुमार सिंह पानापुर चौक के पास सड़क किनारे खड़े होकर किसी से बात कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और लव पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे, लव को अपराधियों ने थोड़ा सा भी संभलने का मौका नहीं दिया। गोली लगते ही मुखिया पति सड़क पर गिर गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत सदर अस्पताल लाया। गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया। पटना लाने के दौरान उनकी रास्ते में ही मौत हो गई। अपराधियों ने लव के सीने में तीन और सिर में एक गोली मारी है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक लव कुमार सिंह दिलावरपुर गोवर्धन पंचायत की मुखिया पूनम देवी के पति थे। मृतक के बेटे मनोरंजन कुमार सिंह ने बताया कि कुछ महीने बाद मुखिया का चुनाव होना है। इसी के चलते राजनीतिक विरोधियों ने मेरे पिता की गोली मारकर हत्या की है। सदर एसडीपीओ राघव दयाल का कहना है कि परिजनों के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।


