PATNA : वेयर हाउस गोदाम में रखी करोड़ों की संपति गार्ड की तत्परता से लूटने से बची, लुटेरों के 3 मोबाइल व 20 जोड़े चप्पल छूटे
फतुहा। बीती बुधवार की रात एक बेयर हाउस गोदाम में रखे करोड़ों की संपति उस समय लूटने से बच गयी जब सूचना मिलने पर पटना पुलिस ने तत्काल अपनी तत्परता दिखाई। यह घटना पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के जेठुली से फोरलेन जाने वाली ग्रामीण पथ पर स्थित एक निजी टावर कंपनी के वेयर हाउस गोदाम की है। जहां 20 से 25 डकैत हथवे-हथियार के साथ लूट के ख्याल से धावा बोल दिया था। सभी डकैत गोदाम के पिछले रास्ते से गोदाम में घुस गए तथा गोदाम में रखे इलेक्ट्रिक पंखे, कॉपर वायर का बंडल तथा कई प्रकार के केबल व अन्य उपकरण उठा कर गोदाम के पीछे एक पानी भरे गढ्ढे में डालने लगे। कुछ उपकरणों को ढोने की कोशिश भी करने लगे। जब गोदाम के मेन गेट पर तैनात गार्ड को इस बात की जानकारी हुई तो हिम्मत बांधकर चोरी-छिपे नदी थाना पुलिस को मोबाइल फोन पर सूचना दी। नदी थाना प्रभारी सकेंन्द्र कुमार व एएसआई संजीत कुमार तथा फतुहा थाना के एसआई मिथिलेश कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सारे पुलिस कर्मी जैसे ही गोदाम के मेन गेट से प्रवेश किया तो सारे लुटेरे सतर्क हो गये और पीछे के रास्ते से पानी भरे गढ्ढे में कूद कर फरार हो गए। जबकि कुछ बदमाश गोदाम के चारदीवारी फांद कर भाग निकले। लेकिन भागने के क्रम में लूटेरों के तीन मोबाइल फोन व 20 जोड़े चप्पल घटनास्थल पर ही छूट गये। पुलिस ने बदमाशो को खदेड़ा भी, लेकिन सभी भागने में सफल रहे। इसके बाद पानी में फेंके गये लाखों रुपये की कॉपर वायर का बंडल व इधर-उधर फेंके गए अन्य उपकरणों को बरामद कर लिया।
सुबह होते ही एएसपी मनीष कुमार सिन्हा घटनास्थल पर पहुंचे तथा पुरी घटनाक्रम की जांच की। उन्होंने बताया कि बदमाशों के छूटे चप्पल व मोबाइल फोन के जरिए बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही सारे लुटेरे सलाखों के पीछे होंगे। वहीं थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
विदित हो कि कुछ ही दिन पहले बदमाशों ने इस गोदाम से छह लाख रुपये की इलेक्ट्रिक उपकरण व केबल की चोरी कर ली थी। गोदाम के मैनेजर विष्णु मंडल की माने तो बदमाशों ने इस गोदाम पर लूट के ख्याल से कई बार धावा बोल चुके हैं।


