February 17, 2026

वीआईपी 6 मार्च को पटना में निकालेगी विशाल शोभा यात्रा, जुटेंगे महागठबंधन के प्रमुख नेता

पटना। आगामी 06 मार्च को अमर शहीद जुब्बा सहनी के 75वें शहादत दिवस पर पटना में विकासशील इंसान पार्टी द्वारा मोटरसाइकिल जुलूस के साथ विशाल शोभा यात्रा निकाला जाएगा। शोभा यात्रा में बतौर मेहमान महागठबंधन के सभी प्रमुख नेता शामिल रहेंगे। साथ ही इस यात्रा में प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में युवा शामिल होंगे। उक्त बातें वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सन आॅफ मल्लाह मुकेश सहनी ने पटना में संवाददाता सम्मलेन में कही।
उन्होंने बताया कि शोभा यात्रा 6 मार्च को सुबह 10.30 बजे पटना के मिलर हाई स्कूल से शुरू होकर आयकर गोलंबर, डाकबंगला चौराहा, कारगिल चौक से कंकड़बाग होते हुए मोइनुल हक स्टेडियम में समाप्त होगी। यात्रा के दौरान हजारों युवा मोटरसाइकिल के साथ शामिल होंगे।
सहनी ने बताया कि यात्रा में प्रदेश के युवाओं की भागीदारी अभूतपूर्व रहेगी। उन्होंने कहा कि अत्यंत कम समय में ही वीआईपी में हजारों की संख्या में युवा शामिल हुए हैं। ये युवा पार्टी के साथ मिलकर प्रदेश की तरक्की की लड़ाई लड़ रहे हैं। 6 मार्च को पटना में वीआईपी के नेतृत्व में युवाओं का जोश-जूनून तथा प्रदेश की तरक्की के लिए प्रतिबद्धता दिखेगी। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव छोटे सहनी, राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय कुमार मनु, आनंद मधुकर तथा पटना जिलाध्यक्ष अर्जुन सहनी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

You may have missed