February 16, 2026

BIHAR : MLA रश्मि वर्मा से रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार, रहा है आपराधिक इतिहास

बेतिया। नरकटियागंज की विधायक रश्मि वर्मा से रंगदारी मांगने वाले शातिर को पुलिस ने देसी पिस्तौल के साथ शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आमिर खुसरो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चुरिहरवा टोला का रहने वाला है। गिरफ्तार आमिर का आपराधिक इतिहास रहा है। पूर्व में भी इनरवा, शिकारपुर व मुफस्सिल थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज है। उसके पास से देसी पिस्तौल, दो कारतूस, सेलफोन और रंगदारी मांगने में इस्तेमाल सिम कार्ड बरामद किया गया है।
एसपी ने बताया कि अमीर खुसरो ने विगत 11 सितंबर को इनरवा थाना क्षेत्र के व्यवसायी रजनीश कुमार से रंगदारी मांगी थी। रंगदारी नहीं देने पर जान मारने की धमकी दी थी। इसके बाद 22 नवंबर व 7 दिसंबर को नरकटियागंज की विधायक रश्मि वर्मा को फोन कर रंगदारी मांगी थी। विधायक से रंगदारी मांगने के बाद एसपी ने नरकटियागंज एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की थी। टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी बीच पुलिस ने आमिर खुसरो को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी में शिकारपुर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता, मुफस्सिल थानाध्यक्ष उग्रनाथ झा, इनरवा थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, तकनीकी शाखा के राजेश कुमार झा, राजरूप राय, मुफस्सिल थाने के पूर्णकांत सामर्थ व कई सिपाही शामिल रहे।

You may have missed