विधानसभा से इस बार लालटेन पार्टी की होगी विदाई : नीरज कुमार

पटना। बिहार के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री व जदयू नेता नीरज कुमार ने एक बार फिर लालू परिवार पर हमला बोला है। उन्होंने अपने ताजा बयान में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार विधानसभा से भी लालटेन पार्टी की विदाई तय है। शनिवार को नीरज कुमार ने कहा कि विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को भ्रष्टाचार और विकास के बीच का फर्क समझना होगा। उन्हें स्वीकारना होगा कि राजद के 15 वर्षों के शासनकाल में सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ और उसी का विकास हुआ। जबकि नीतीश कुमार के 15 वर्षों के शासन में राज्य में हर क्षेत्र और हर तबके का विकास हुआ है।
मंत्री नीरज कुमार ने आगे कहा कि आज तक नीतीश कैबिनेट का कोई मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल नहीं गया। उधर राजद शासनकाल के तत्कालीन मुख्यमंत्री सहित उनके कैबिनेट के कई मंत्री जेल गए। पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव तो इस समय भी जेल में हैं और कैदी का जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजद शासन का लक्ष्य समाज में फूट डालकर अधिक से अधिक संपत्ति अर्जित करना था।
बता दें पिछले दिनों मंत्री नीरज कुमार ने लालू यादव पर आरोप लगाया था कि तरूण लालू यादव का तीसरा बेटा है और लालू से तरूण के बारे में पूछा था, जिसके बाद लालू परिवार ने नीरज कुमार के सवाल पर कहा था कि तरूण ही तेजस्वी है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारे में खूब हाय तौबा मचा था।
