December 5, 2025

विचारधारा, कार्यक्रम और तकनीक से लैस होंगे बूथ तक के कार्यकर्ता : आरसीपी

* जदयू के प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा दिन


पटना। जदयू मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में पार्टी के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कहा कि जदयू के कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पार्टी की विचारधारा, नेता के कार्यक्रम और नई तकनीक से लैस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी को बूथ पर सबसे अधिक मजबूत करना है, इसलिए जरूरी है कि हर बूथ पर काम करने वाले साथियों की पहचान की जाये। उन्होंने आगे कहा कि पंचायत, प्रखंड, जिला और प्रदेश संगठन का मूल्यांकन इस बात से किया जाएगा कि बूथ पर आप कितने सशक्त और सक्रिय हैं।
श्री सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के विकसित बिहार का सपना हम सबकी आंखों में होना चाहिए। उन्होंने बिहार में जिस व्यावहारिक समाजवाद की स्थापना की है, हर एक कार्यकर्ता न केवल उसे समझे बल्कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जो सीख रहे हैं, उसे बांटें भी। खासकर नई पीढ़ी को जदयू से जोड़ने के लिए सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से उन्हें अधिक से अधिक जोड़ें। उन्होंने कहा कि पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए अब हमें संकल्प नहीं, प्रतिज्ञा लेने की जरूरत है, क्योंकि संकल्प मन में लिया जाता है जबकि प्रतिज्ञा सार्वजनिक तौर पर ली जाती है। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने की, जबकि संचालन जदयू प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार ने की।
दूसरे दिन वरिष्ठ नेता मंगनीलाल मंडल ने व्यावहारिक समाजवाद, राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह ने संगठन की कार्य-प्रणाली, जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप ने सोशल मीडिया, आर.आर. कल्याण ने सामुदायिक संचार तथा मुकेश कुमार ने सामूहिक नेतृत्व विषय पर प्रशिक्षण दिया। पूर्व विधानपार्षद ललन सर्राफ, प्रदेश महासचिव डॉ. नवीन कुमार आर्य, महिला जदयू की प्रभारी डॉ. सुहेली मेहता एवं अध्यक्ष श्वेता विश्वास तथा नेत्री अप्सरा मिश्रा ने भी विभिन्न विषयों पर अपनी राय रखी। इस दौरान पूर्व विधानपार्षद प्रो. रामवचन राय, संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, महासचिव अनिल कुमार, चंदन कुमार सिंह, परमहंस कुमार, डॉ. विपिन यादव, अशोक कुमार बादल, कामाख्या नारायण सिंह, अरुण कुशवाहा, आसिफ कमाल, रामगुलाम राम एवं मृत्युंजय कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

You may have missed