विकास की किरण पहुंचाने में सीएम नीतीश ने नहीं किया कोई भेदभाव : आरसीपी
जदयू के विधानसभावार वर्चुअल सम्मेलन का चौथा दिन

पटना। जदयू के विधानसभावार वर्चुअल सम्मेलन के चौथे दिन राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) व राज्यसभा में दल के नेता आरसीपी सिंह के नेतृत्व में मधुबनी जिला के फुलपरास एवं लौकहा, अररिया जिला के फारबिसगंज तथा पूर्णिया जिला के रुपौली विधानसभा क्षेत्र में सम्मेलन का आयोजन हुआ। उनकी टीम में परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला, सांसद चन्देश्वर प्रसाद चन्द्रवंशी, विधायक अभय कुशवाहा तथा प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा शामिल रहीं। इन सभी सम्मेलनों का संचालन जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप ने किया।
इस मौके पर आरसीपी सिंह ने कहा कि हमारे नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कार्यों से न केवल जदयू के सभी कार्यकर्ताओं का बल्कि पूरे बिहार का मान-सम्मान बढ़ाया है। दूसरी ओर लोग माफी मांगते चल रहे हैं। बिहार की जनता अब जग चुकी है और विकास के पथ पर अग्रसर है, वो किसी के बहकावे में नहीं आने वाली। श्री सिंह ने कहा कि आज सिर्फ शिक्षा के लिए हमारा बजट 35191 करोड़ का है, जबकि पति-पत्नी की सरकार में विकास के सारे मदों को मिलाकर लगभग इतना ही बजट था। आज बिहार में 25 मेडिकल कॉलेज हैं और हर कॉलेज में 100 सीटें हैं। अब यहां हर साल 2500 नए डॉक्टर बनेंगे। 15 साल पहले बिहार में एक भी इंजीनियरिंग कॉलेज नहीं था, आज हर जिले में हैं। 12 प्राइवेट कॉलेज भी हैं। अब हर साल यहां 9500 से ज्यादा नए इंजीनियर बनेंगे। इसी तरह आज 44 पॉलिटेकनिक कॉलेज हैं। हर साल 12000 बच्चे इससे लाभान्वित हो रहे हैं। नीतीश कुमार ने बिहार में शिक्षा की पूरी तस्वीर बदल कर रख दी।
श्री सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में विकास की किरण पहुंचाने में कभी कोई भेदभाव नहीं किया। जाति, धर्म, संप्रदाय, भाषा या लिंग के आधार पर किसी के साथ कोई पक्षपात नहीं हुआ। श्री कुमार के नेतृत्व में बिहार ने सामाजिक सद्भाव और सांप्रदायिक सौहार्द्र के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किया है। हम सबका दायित्व है कि उनके हर कार्य को जन-जन तक पहुंचाएं। श्री सिंह ने आह्वान किया कि जदयू के सभी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री की 7 अगस्त की वर्चुअल रैली को ऐतिहासिक बनाने में जुटें।
वहीं परिवहन मंत्री संतोष निराला ने मुख्यमंत्री के कार्यकाल में अनुसूचित जाति-जनजाति के उत्थान, सांसद चन्देश्वर प्रसाद चन्द्रवंशी ने अतिपिछड़ा समाज के सशक्तिकरण, विधायक अभय कुशवाहा ने युवाओं के लिए उपलब्ध अवसर तथा प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा ने आधी आबादी एवं अकलियतों के लिए हुए कार्यों पर प्रकाश डाला।
बता दें वहीं जदयू के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य बशिष्ठ नारायण सिंह के नेतृत्व में रोहतास जिला के डिहरी एवं औरंगाबाद जिला के नवीनगर, कुटुंबा, औरंगाबाद, ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव के नेतृत्व में सुपौल जिला के निर्मली, पिपरा, सुपौल, त्रिवेणीगंज तथा लोकसभा में दल के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के नेतृत्व में समस्तीपुर जिला के रोसड़ा एवं बेगूसराय जिला के चेरिया बरियारपुर, मटिहानी, बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र में वर्चुअल सम्मेलन हुए।

