भागलपुर : वार्निंग लेबल से गंगा 1.09 मीटर दूर, प्रतिदिन 24 सेंटीमीटर बढ़ रहा है जलस्तर

भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले में गंगा उफान पर है। प्रति घंटे एक सेंटीमीटर जलस्तर में वृद्धि हो रही है। दियारा में बाढ़ का संकट गहराने लगा है। लोग वहां ऊंचे स्थानों पर शरण लेने लगे हैं। केंद्रीय जल आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगा वार्निंग लेबल से 1.09 दूर रह गई है। सबौर प्रखंड के घोषपुर, रजन्दीपुर, बगडेर बगीचा तक बाढ़ का पानी पहुंच चुका है। इंग्लिश गांव में कमजोर बांध के टूटने से ममलखा के काली घाट तक पानी पहुंच गया है, जिसके चलते रामनगर दियारा और अठगामा का सड़क संपर्क भंग हो गया है। अब यहां लोग बिना नाव के आवाजाही नहीं कर पाएंगे। राजपुर और भिट्टी बहियार में भी बाढ़ का पानी पसरने लगा है। इधर बाबुपूर एवं जियाउद्दीनपुर गांव के पास बाढ़ का पानी पहुंच जाने से लोग दहशत में आ गए हैं। तटवर्ती क्षेत्र में बाढ़ का सामना करने के लिए लोगों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। खुद के रहने के साथ-साथ पशुओं के लिए भी सूखा चारा के भंडारण में लोग जुट गए हैं।
खतरे के निशान से 2.34 मीटर नीचे
इधर जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता रमेश कुमार ने कहा कि बीते तीन दिनों में जलस्तर में 70 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। इलाहाबाद और बक्सर से ही जलस्तर में वृद्धि जारी है। डीपीएस के पास कटाव को चेक किया गया है। अभी पीरपैंती टपुआ दियारा के कटाव पर नजर रखे हुए हैं। भागलपुर में गंगा खतरे के निशान से 2.34 मीटर नीचे है।

You may have missed