लॉकडाउन के दौरान 12 देशों के 20,217 लोग विशेष विमान से आए बिहार

पटना। वीडियो कॉंन्फ्रेसिंग के माध्यम से मीडिया के साथ संवाद में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार, स्वास्थ्य सचिव लोकेश कुमार सिंह और अपर पुलिस महानिदेशक जितेन्द्र कुमार ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर जानकारी दी।
सचिव अनुपम कुमार ने बताया कि कोविड-19 एवं बाढ़ की वर्तमान स्थिति को लेकर प्रतिदिन उच्च स्तर पर समीक्षा कर आवश्यक निर्देश भी दिए जा रहे हैं। वहीं सरकार द्वारा घोषणा के अनुसार स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं कर्मियों को एक माह के मूल वेतन के समतुल्य प्रोत्साहन राशि देने की स्वीकृति दे दी गयी है। इस पर कुल 252.54 करोड़ रुपए की राशि का व्यय होगा। उन्होंने बताया कि अब तक गया एयरपोर्ट पर 15 एयरलाइन्स की कुल 127 फ्लाइट्स के माध्यम से 12 देशों से 20,217 लोग आये हैं। फ्लाइट्स के माध्यम से बाहर से आने वालों में बिहार के 18,930 लोग एवं झारखंड के 1,287 लोग शामिल हैं। इनके लिए क्वारंटाइन में रहने की व्यवस्था की गयी थी। बिहार के 18,930 लोगों में से 14,117 लोग सरकारी क्वारंटाइन में, जबकि 4,813 लोग पेड क्वारंटाइन की व्यवस्था में रहे। इनमें से 16,845 लोग क्वारंटाइन की निर्धारित अवधि पूरी कर अपने घर वापस लौट चुके हैं। वर्तमान में पेड क्वारंटाइन में 463 लोग तथा सरकारी क्वारंटाइन सेंटर में 1,622 लोग आवासित हैं।
23 लाख 38 हजार 990 नये राशन कार्ड बने
श्री कुमार ने बताया कि गैर राशन कार्डधारी सुयोग्य परिवारों के लिए 23 लाख 38 हजार 990 नये राशन कार्ड बने हैं। इनमें से अब तक 22 लाख 70 हजार राशन कार्ड वितरित किये जा चुके हैं। इस प्रकार करीब 97 प्रतिशत राशन कार्डों का वितरण किया जा चुका है। वहीं लॉकडाउन पीरियड से लेकर अभी तक विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 12 करोड़ 39 लाख से अधिक मानव दिवसों का सृजन किया जा चुका है।
पॉजिटिविटी रेट घटकर 7.75 प्रतिशत
स्वास्थ्य सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 1,164 लोग स्वस्थ हुए हैं और अब तक 36,637 लोग कोविड-19 संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं। बिहार का रिकवरी रेट 63.97 प्रतिशत है। 01 अगस्त को कोविड-19 के 2,762 नये मामले सामने आये हैं। वर्तमान में 20,310 एक्टिव मरीज हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में बिहार राज्य में 35,619 सैंपल्स की जांच की गई है और अब तक की गयी कुल जांच की संख्या 6,12,415 है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 का पॉजिटिविटी रेट 10 प्रतिशत से घटकर 7.75 प्रतिशत हो गया है।
525 वाहन जब्त
अपर पुलिस महानिदेशक जितेन्द्र कुमार ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 02 कांड दर्ज किये गये हैं और 01 व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है। इस दौरान 525 वाहन जब्त किये गये हैं और 14 लाख 06 हजार 500 रुपए जुर्माना वसूल की गई है। इस प्रकार 01 अगस्त से अब तक 11 कांड दर्ज किये गये हैं और 06 व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई है। कुल 1,383 वाहन जब्त किए गए हैं और 33 लाख 36 हजार 700 रुपए जुर्माना वसूल की गयी है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में मास्क नहीं पहनने वाले 4,120 व्यक्तियों से 02 लाख 06 हजार रुपए की राशि वसूल की गयी है। इस प्रकार 01 अगस्त से अब तक मास्क नहीं पहनने वाले 9,718 व्यक्तियों से 04 लाख 85 हजार 900 रुपए जुर्माना वसूली गयी है।
