February 24, 2026

लैपटॉप की बैटरी फटने से लगी आग, तीन लड़कियां जिंदा जली

CENTRAL DESK : देश में आज दिल दहलाने वाला हादसा हुआ है। चंडीगढ़ शहर के सेक्टर 32 डी में एक मकान में चलाए जा रहे गर्ल्स पीजी में शनिवार शाम भीषण आग लग गई। जिसमें तीन लड़कियां जिंदा जल गई, जबकि दो लड़कियों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं एक लड़की ने पहली मंजिल से स्थित इस पेइंग गेस्ट हाऊस की छत से कूद कर अपनी जान बचाई। वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई है। हादसे में मारी गई लड़कियों की पहचान रिया, प्राछी और मुस्कान के तौर पर हुई है। इनमें दो पंजाब और एक हरियाणा की रहने वाली बतायी जाती है। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने क्षेत्र को अपने घेरे में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पीजी में लोगों ने अचानक धुंआ उठता हुआ देखा। इसकी सूचना लोगों ने तुरंत पुलिस को दी। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम व पुलिस पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। अंदर जाकर देखा तो वहां पांच लड़कियां बुरी तरह झुलसी हुई अवस्था में पड़ी थी। उन्हें जीएमसीएच 32 अस्पताल में ले जाया गया, जहां तीन लड़कियों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य लड़कियों की हालत गंभीर बनी हुई है। मरने वाली लड़की मुस्कान हरियाणा के हिसार, रिया पंजाब के कपूरथला और प्राछी पंजाब के कोटकपूरा की रहने वाली थी। लड़कियों की उम्र 18 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्राछी व मुस्कान एसडी कालेज में एमकॉम की छात्रा थीं।
बताया जाता है कि पीजी में लगभग 25 बच्चों के रहने की व्यवस्था है, लेकिन अभी यहां चार-पांच लड़कियां ही रह रही थीं। जो सूचना मिल रही उसके अनुसार आग लैपटॉप की बैटरी फटने के कारण लगी है। कमरे में लकड़ी का सामान अधिक होने के कारण उसमेें आग पकड़ ली और देखते-देखते आग ने विकराल रूप धारण करते हुए लड़कियों को अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से झुलसने वालों में जैसमीन व फामिना शामिल हैं। जैसमीन पंजाब के मोगा, जबकि फामिना हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली है। उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

You may have missed