PATNA : रीतलाल यादव ने चलाया जनसंपर्क, कहा- दानापुर को उसका वास्तविक हक दिलाएंगे
फुलवारी शरीफ (अजीत यादव)। खगौल के कोथवा निवासी जरायम की दुनिया के कुख्यात की छवि को खादी के लिबास ओढ़कर जनता का सुख-दु:ख साझा करने निकल पड़े हैं। कई वर्षों तक दर्जनों संगीन आपराधिक मामले में जेल के काल कोठरी से हाल ही में बाहर निकले रीतलाल यादव जेल में रहते हुए विधान परिषद तो पहुंच गए थे लेकिन अब जेल से छूटने के बाद विधानसभा की चौखट पर पहुंचने के लिए जनता के दरवाजे पर हाथ जोड़े उनके हक की आवाज उठाने और दानापुर की जनता के विकास के वायदों के साथ चुनावी समर में कूद पड़े हैं। जेल से बाहर निकलने के बाद से लगातार जनता के बीच घर-घर जाकर अपनों को खोने और कोरोना काल में जान गंवाए लोगों के घर जाकर आर्थिक मदद करने निकले रीतलाल दानापुर को उसका वास्तविक हक दिलाने का भरोसा आमजनों को दिलाना नहीं भूल रहे हैं। कल तक जिस रीतलाल के नाम से डर और खौफ का माहौल था, उसे दूर भगाने खुद रीतलाल आमलोगों के बीच हाथ जोड़े पहुंच रहे हैं।


बुधवार की सुबह अपने विधानसभा दानापुर के क्षेत्र उफपुरा, महुआबाग, विजय विकास कॉलोनी में जनसंपर्क अभियान करते हुए वहां के जनता से रुबरु हुए। इस जन अभियान में उनके साथ नागेन्द्र यादव (उप मुखिया, उफरपुरा), युवा राजद के प्रदेश सचिव शेखर यादव, दिलीप राय, विनोद राय, जितेन्द्र राय एवं क्षेत्र के अन्य कई लोग साथ रहे। क्षेत्र से अपार जनसमर्थन के लिए रीतलाल ने कहा कि आप सबका बहुत बहुत धन्यवाद। हम सब कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ेंगे और दानापुर को उसका वास्तविक हक दिलाएंगे।

