राहुल गांधी का ऐलान : बिहार में अगली सरकार हमारी, मिलजुल कर बनायेंगे सरकार

शीघ्र सीटों के बंटवारे के मामले पर बातचीत कर अंतिम स्वरूप देने का निर्देश


पटना। राहुल गांधी गुरूवार सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष, अभियान समिति के अध्यक्ष, कांग्रेस सांसद एवं पूर्व सांसद, विधायक एवं पूर्व विधायक, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, जिला कांग्रेस कमिटी एवं प्रखंड कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष, मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को वीडिया संवाद से संबोधित करते हुए कहा कि अगली सरकार बिहार में हमारी होगी। हम मिलजुल कर सरकार बनायेंगे। उन्होंने बिहार के कांग्रेसजनों का आह्वान किया कि वे बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सघन दौरा करें और बाढ़ प्रभावित लोगों को यथासंभव सहायता पहुंचाये। उन्होंने कहा कि देश के साथ बिहार में भी कोरोना वायरस बड़ी तेजी से फैल रहा है तथा हमें इस पर भी नजर रखनी है।
देश में बढ़ती बेरोजगारी एवं अर्थव्यवस्था पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के शासनकाल में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया था, जबकि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में 2 करोड़ युवाओं को प्रत्येक वर्ष नियोजित करने का वायदा किया था लेकिन आज देश में बिगड़ती अर्थव्यवस्था एवं दीर्घकालीन लॉकडाउन के चलते बेरोजगार युवाओं की फौज लगातार बढ़ रही है। श्री गांधी ने कहा कि बिहार में लॉकडाउन कोरोना वायरस एवं बाढ़ के कारण वे कांग्रेसजनों से वर्चुअल संवाद स्थापित कर रहे हैं लेकिन आनेवाले समय में वे बिहार का व्यापक दौरा करेंगे एवं जिला एवं प्रखंड तक जायेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि कोरोना काल में सबसे ज्यादा बिहार सरकार असफल रही है। मजदूरों के बारे में यह सरकार बात नहीं करती, भ्रष्टाचार, बेरोजगारों के बारे में बात नहीं करती, हम करेंगे, कांग्रेस करेगी। सुशासन की बात करने वाले मुख्यमंत्री, विकास की बात करने वाले मुख्यमंत्री आज चुप क्यों हैं, उनकी जनता त्राहिमाम कर रही है। उनकी निष्क्रियता जगजाहिर हो चुकी है। आज हम यहां कहना चाहते हैं कि अगली सरकार बिहार में हमारी होगी। हम मिलजुल कर सरकार बनायेंगे। बदलाव अब बिहार से शुरू होगा। हमारे मुख्य मुद्दे हैं रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य। रोजगार बड़े एवं लघु उद्योगों से मिलेगा। बिहार की शक्ति को फिर से संजोना पड़ेगा। प्यार और इज्जत से सहयोगी बनाना होगा और मिलकर निर्णय लेना होगा। उन्होंने बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल एवं प्रदेश अध्यक्ष को यह निर्देश दिया कि शीघ्र सीटों के बंटवारे के मामले पर बातचीत कर उसे अंतिम स्वरूप दें। सारे विपक्ष से बात करें और चुनाव की लड़ाई शुरू करें।
वहीं अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस कमिटी के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल एवं बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि राहुल गांधी देश के भविष्य हैं और उनकी ही नहीं बल्कि बिहार के कांग्रेसजनों की भावना का आदर करते हुए उन्हें कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व संभालना चाहिए। इस अवसर पर मंच का संचालन डॉ. मदन मोहन झा ने किया। वहीं शक्ति सिंह गोहिल एवं केसी बेणुगोपाल ने पार्टी की डिजिटल सदस्यता अभियान की समीक्षा की और इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया।
इस मौके पर इस वर्चुअल संवाद को कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता सदानन्द सिंह, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिव बीरेन्द्र सिंह राठौर, अजय कपूर, पूर्व केन्द्रीय मंत्री तारिक अनवर, शत्रुघ्न सिंहा, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार, श्याम सुन्दर सिंह धीरज, एमएलसी डॉ. समीर कुमार सिंह, पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, शकील उज्जमा अंसारी ने भी संबोधित किया। वर्चुअल संवाद में सदाकत आश्रम में मीडिया विभाग के अध्यक्ष एचके वर्मा एवं प्रवक्ता राजेश राठौड़ भी शामिल रहे।

You may have missed