राशन कार्ड बनाने में जीविका पर अनियमितता का आरोप, बीडीओ से जांच कराने की मांग
फुलवारी शरीफ। कोरोना आपदा में बिहार सरकार ने राशन कार्ड बनवाने में तेजी लाने का निर्देश दिया है। वहीं प्रखंड में कई इलाके में लोग राशन कार्ड बनवाने के लिए परेशान इधर-उधर दौड़ लगा रहे हैं। इस बीच सकरैचा पंचायत में राशन कार्ड बनवाने के कार्य में अनियमितता का आरोप जीविका पर लग रहा है। सकरैचा पंचायत मुखिया संतोष कुमार ने बताया कि आपदा की घड़ी में भी राशन कार्ड बनवाने में धांधली बरती जा रही है। जीविका के द्वारा कार्य में लापरवाही की शिकायत मिल रही है। उन्होंने इसकी जांच कराने की मांग प्रखंड विकास पदाधिकारी से किया है। वहीं जीविका बीपीएम ने बताया कि जीविका को सभी लोगों का राशन कार्ड के सर्वे का काम दिया गया था लेकिन फार्म भरवाने के लिए जीविका को केवल जीविका से जुड़े परिवार का ही फार्म भरवाने का काम मिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नन जीविका परिवारों का राशन कार्ड का फार्म भरवाने का कार्य जीविका को नहीं दिया गया है। इसमें कहीं कोई गड़बड़ी नहीं बरती जा रही है।
बीडीओ जफरुद्दीन ने बताया कि सकरैचा मुखिया ने राशन कार्ड बनाने में गड़बड़ी की जानकारी दिया है, उन्हें लिखित आवेदन देने को कहा गया है। शिकायत के आलोक में जांच कराई जाएगी। बीडीओ ने कहा कि राशन कार्ड बनवाने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


