रालोसपा ने भाजपा-जदयू पर संकट के समय राजनीति करने का लगाया आरोप
पटना। भाजपा की वर्चुअल रैली को रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बकवास बताया है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट से बिहार के लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। इसके बावजूद केंद्र व राज्य सरकार में शामिल दलों के नेता राजनीति करने में मग्न हैं। आम लोगो की परेशानी दूर करने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा व जदयू पर संकट के समय राजनीति करने का आरोप लगाया।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने रैली की शुरूआत बकवास से की और इसी से अंत भी की। शाह ने बिहार के लाखों गरीबों के बच्चों की पढ़ाई पर कोई बात नहीं की। युवाओं को रोजगार देने, मजदूरों की रोजी-रोटी पर भी बात नहीं की। बुजुर्ग व असहाय व्यक्ति को दवा व भोजन कैसे मिले, इस पर भी ध्यान नहीं गया। उपेंद्र ने आगे कहा कि शाह ने यह नहीं बताया कि किसानों की दोगुनी आमदनी कैसे होगी। किसानों के हर खेत तक पानी कैसे पहुंचेगा। आम आदमी, पीड़ित व शोषित अमित शाह के भाषण में अपने लिए राहत की बात ढूंढते रह जाएंगे।


