December 8, 2025

राजद में रामा सिंह की एंट्री टली, लालू यादव ने की डैमेज कंट्रोल की कोशिश

पटना। चुनावी साल में राजद कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है और यही वजह है कि राजद के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह की नाराजगी के चलते लोजपा के पूर्व सांसद रामा सिंह की राजद में एंट्री टल गई है। रामा सिंह आज राजद में शामिल होने वाले थे। लेकिन उनकी एंट्री को लेकर रघुवंश प्रसाद सिंह नाराज चल रहे हैं और 23 जून को उन्होंने पार्टी के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी में चल रही उथल-पुथल के बीच राजद सुप्रीमो लालू यादव ने डैमेज कंट्रोल की कोशिश की है। लालू के दखल के बाद तेजस्वी ने रामा सिंह की राजद में एंट्री टालने का फैसला लिया है।
रघुवंश के आगे झुकी राजद
रघुवंश प्रसाद सिंह राजद में बड़े सवर्ण चेहरे माने जाते हैं और ऊंची जातियों के वोट को अपने पाले में लाने वाले नेता हैं। वैशाली लोकसभा क्षेत्र में इनकी मजबूत पकड़ है। राजद के साथ शुरू से जुड़े हैं और पार्टी अध्यक्ष लालू यादव के काफी करीबी माने जाते हैं। पार्टी के सभी फैसलों में साथ खड़े रहते हैं। यहां तक कि जब राजद ने सवर्ण आरक्षण का विरोध किया था तब भी ये पार्टी के साथ थे। अपने क्षेत्र में सवर्ण आरक्षण के खिलाफ धरने पर भी बैठे थे।
2014 में आमने-सामने थे रघुवंश-रामा
बता दें राजद के टिकट पर रघुवंश प्रसाद सिंह वैशाली लोकसभा सीट से चार बार सांसद रह चुके हैं। 2014 में रघुवंश प्रसाद सिंह ने राजद और रामा सिंह ने लोजपा के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ा था। इसमें रघुवंश प्रसाद सिंह चुनाव हार गए थे। उस चुनाव से पहले ही दोनों नेताओं के बीच सियासी दुश्मनी थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में लोजपा ने रामा सिंह को टिकट नहीं दिया था। तब राजद ने रामा सिंह को अपने पाले में लाने की कोशिश की थी लेकिन, रघुवंश प्रसाद के विरोध के आगे पार्टी को झुकना पड़ा। अब बिहार विधानसभा चुनाव सिर पर है और पार्टी जीतने वाले उम्मीदवार की तलाश कर रही है। यही वजह है कि राजद ने रामा सिंह को पार्टी में लाने की पूरी तैयारी कर ली थी। इसी बात से रघुवंश प्रसाद काफी नाराज थे और उन्होंने पार्टी के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

You may have missed