राजद प्रत्याशी अनंत सिंह मोकामा से कल करेंगे नामांकन, पत्नी संभालेंगी प्रचार की कमान, लल्लू मुखिया ने भरा पर्चा
पटना। 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में मोकामा के निर्दलीय विधायक अनंत सिंह जेल से ही चुनाव लड़े थे और 2020 के बिहार चुनाव में भी वे जेल से ही चुनाव लड़ेंगे। एके-47 और ग्रेनेड मामले में जेल में बंद निर्दलीय विधायक अनंत सिंह बुधवार को मोकामा विधानसभा क्षेत्र के लिए राजद प्रत्याशी के तौर पर पर्चा दाखिल करेंगे। इसे लेकर अनंत सिंह के समर्थकों में खुशी का माहौल है। वहीं अनंत सिंह के चुनाव प्रचार की कमान उनकी पत्नी व लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रही नीलम सिंह संभालेंगी। 2015 के विधानसभा चुनाव में भी एक अन्य मामले में अनंत सिंह के जेल में रहने के कारण डोर टू डोर सघन प्रचार की कमान उनकी पत्नी नीलम सिंह ने संभाल रखी थी और अनंत सिंह को जीत दिलाने में महती भूमिका निभायी थी।
सूत्र बताते हैं कि बुधवार को अनंत सिंह बाढ़ अनुमंडल कार्यालय में बनाए गए नामांकन केंद्र पर अपना पर्चा दाखिल करेंगे। वे जेल से सीधे यहां पहुंचेंगे। वहीं उनके समर्थकों में खुशी देखी जा रही है। सूत्रों ने बताया कि अनंत सिंह के पर्चा दाखिल करने के बाद उनकी पत्नी नीलम सिंह मीडिया से बात करेंगी। बता दें इस बार राजद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे अनंत सिंह की लड़ाई जदयू के राजीव लोचन के साथ होगी।


इधर, मंगलवार को बाढ़ विधानसभा क्षेत्र 179 से कर्णवीर सिंह यादव उर्फ लल्लू मुखिया ने नामांकन पर्चा दाखिल किया। लल्लू मुखिया अनंत सिंह के करीबियों में से एक हैं और महिनों पूर्व से उन्होंने क्षेत्र में सघन जनसंपर्क अभियान चला रखा है। सुबह करीब 10 बजे के बाद क्षेत्र में प्रचार के लिए अपने समर्थकों के साथ डोर-टू-डोर जनसंपर्क साध रहे हैं और मतदाताओं से मिल रहे हैं।
बताते चलें अनंत सिंह अभी न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल में बंद हैं। एमपीएमएलए कोर्ट की विशेष न्यायाधीश विपुल सिन्हा ने मोकामा विधानसभा क्षेत्र से अनंत सिंह को अपना नामांकन दाखिल करने के लिए अनुमति दी है। एके-47 और ग्रेनेड मामले में अनंत को नियमित जमानत नहीं मिली है। हालांकि अनंत सिंह को अन्य सभी मामलों में कोर्ट से जमानत मिल गई है। इस मामले में अनंत सिंह की नियमित जमानत अर्जी को पटना हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है।

