September 18, 2025

राजद के पूर्व विधायक योगेंद्र साहू का निधन, सीएम नीतीश-राजद ने जताया शोक

पटना। बिहार के वैशाली जिले के लालगंज से राजद के पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद साहू का निधन मंगलवार की सुबह धनुषी स्थित उनके पैतृक निवास स्थान पर हो गया। वह 1995 से 2000 तक राजद के विधायक थे। इससे पहले वह जनता दल में भी रह चुके थे। उनके निधन पर सीएम नीतीश और राजद ने गहरा शोक जताया है।
उनके निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे एक राजनेता एवं समाजसेवी थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
वहीं
पूर्व विधायक योगेन्द्र साहू के असामयिक निधन पर राजद ने जताया शोक
वहीं राष्ट्रीय जनता दल ने पार्टी के पूर्व विधायक योगेन्द्र प्रसाद साहू के असामयिक निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व मंत्री एवं विधायक तेजप्रताप यादव, सांसद डॉ. मीसा भारती, प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामचन्द्र पूर्वे, उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, डॉ. तनवीर हसन, प्रवक्ता चितरंजन गगन, कार्यालय सचिव चन्देश्वर प्रसाद सिंह, महासचिव मदन शर्मा एवं निर्भय अम्बेदकर आदि ने शोक संदेश में कहा कि योगेन्द्र प्रसाद साहू का निधन आज हृदय गति रूकने के कारण हो गया। वे 95 वर्ष के थे। वे जनता दल के टिकट पर वर्ष 1995-2000 तक वैशाली जिला के लालगंज विधानसभा से विधायक रहे। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक जगत की अपूरनीय क्षति हुई है। उनके निधन का समाचार मिलते ही पार्टी का झंडा आधा झुका दिया गया। दु:ख की इस घड़ी में मृत आत्मा को चिर शांति तथा परिजन एवं इष्ट मित्र को दु:ख सहने की शक्ति देने के लिए ईष्वर से प्रार्थना की।

You may have missed