राजद का मांझी को दो टूक : तेजस्वी हीं होंगे मुख्यमंत्री का चेहरा, एनडीए का नाव डूबना तय
पटना। राजद नेता व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 18 सवालों का जवाब देने में नाकाम सरकार में बैठे लोग अनर्गल और बेतुका बयानबाजी कर रहे हैं। राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने तेजस्वी के सवालों पर सत्तापक्ष की ओर से दिये गये जवाबों पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि नेता विरोधी दल ने जो सवाल किया है सत्ता पक्ष के पास एक भी सवालों का जवाब नहीं है। बिहार के नौजवान बेरोजगारी की मार झेल रहा है। हर घर में आज बरोजगारी की समस्या विकराल रूप ले चुकी है लेकिन 15 वर्षों से जो सत्ता में बैठे एनडीए के लोग हैं, उनको इसकी परवाह नहीं है। तिवारी ने कहा कि महागठबंधन में तेजस्वी यादव हीं मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे। राजद इस पर कोई कांप्रोमाईज करने वाली नहीं है।
तिवारी ने आगे कहा कि आखिर किस मुंह से एनडीए के लोग राजद के 15 वर्षों के शासनकाल का याद दिला रहे हैं। 15 वर्षों से एनडीए सरकार में है। ये चर्चा जब भी होगी वर्तमान पर होगी। अपने 15 वर्षों का हिसाब एनडीए दे। जनता इस बार पाई-पाई का हिसाब लेने के लिए तैयार है। तिवारी ने कहा कि महागठबंधन में आॅल इज वेल है। राजद महागठबंधन में सबसे बड़ा दल है और इसकी अगुवाई कर रहा है। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद महागठबंधन के आर्किटेक्ट हैं। महागठबंधन में तेजस्वी यादव हीं मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे। इसमें किसी को कोई कंफ्यूजन नहीं होना चाहिए और ना हीं राजद इस पर कोई कांप्रोमाईज करने वाली है। कुछ लोग महागठबंधन की गांठ को कमजोर करने का असफल प्रयास करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि राजद ने सभी सहयोगी दलों का सम्मान किया है लेकिन कोई नाजायज फायदा उठाकर राजद पर दबाव बनाने का प्रयास करे, ये भी हमें कतई मंजूर नहीं है। सबको
अपने-अपने ताकत का एहसास होना चाहिए। बार-बार राजद हीं कुर्बानी नहीं दे सकता। हम मजबूत होंगे तभी सहयोगियों को ताकत दे पायेंगे। श्री तिवारी ने कहा कि एनडीए डूबती नाव है। झारखंड, दिल्ली के बाद बिहार में भी एनडीए का नाव डूबना तय है। तेजस्वी का रथ एनडीए को उखाड़ फेकने के लिए निकल चुका है, जो इस पर सवार होंगे उनका बेड़ा पार होगा, जो छूट जायेंगे उनका बंटाधार होगा।


