राजद का बिहार बंद कल: मशाल जुलूस निकाल तेजस्वी यादव ने लोगों का मांगा समर्थन

पटना सहित राज्य के सभी जिला मुख्यालय, प्रखंड मुख्यालयों पर निकाला गया मशाल जुलूस

पटना। नागरिकता संशोधन अधिनियम एवं एनआरसी के खिलाफ राजद द्वारा आहूत कल के बिहार बंद को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आह्वान पर संविधान विरोधी, लोकतंत्र विरोधी और आम लोगों के संविधान प्रदत्त लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ आयोजित बिहार बंद को पूर्ण रूप से सफल बनाने के लिए राजद द्वारा पिछले कई दिनों से लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। नुक्कड़ सभाओं के द्वारा लोगों को उपरोक्त विधेयक के दुष्परिणाम के बारे में बताया गया है। इसके लिए पटना सहित सभी जिला मुख्यालयों, प्रखंड मुख्यालयों, वार्डों एवं कस्बों में बड़े पैमाने पर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन एवं जनसंपर्क अभियान चलाया गया और लोगों का व्यापक समर्थन इस बंद को मिल रहा है। कल के बंद में बड़ी संख्या में आम लोगों की भागीदारी होगी। बंद के पूर्व संध्या पर आज पटना स्थित राज्य मुख्यालय सहित भिन्न-भिन्न मुहल्लों से मशाल जुलूस निकाला गया। राज्य के सभी जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड मुख्यालयों सहित विभिन्न वार्डों एवं कस्बों से राजद कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकालकर आम लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की, जिसमें बड़ी संख्या में आम लोगों की भी भागीदारी हुई।
पटना स्थित राज्य मुख्यालय से निकाले गये मशाल जुलूस का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, अब्दुलबारी सिद्दिकी, शिवानंद तिवारी, श्रीमती कांति सिंह, शिवचन्द्र राम सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता कर रहे थे। मशाल जुलूस पार्टी कार्यालय से निकलकर आयकर चौराहा, डाकबंगला चौराहा, स्टेशन गोलंबर होते हुए जीपीओ गोलंबर पर समाप्त हुआ। जुलूस के अंत में जेपी गोलंबर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह ने लोगों से कल के बिहार बंद को समर्थन और सहयोग देने के साथ ही बंद को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की अपील की। वहीं प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने आज पूरे प्रदेश में बंद की तैयारी की समीक्षा की, साथ हीं आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखने का निर्देश दिया। कल बंद के दौरान राजद कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में प्रदर्शन कर जनविरोधी नागरिकता संशोधन विधेयक और एनआरसी के दुष्परिणामों से आम लोगों को अवगत कराते हुए सरकार से इसे वापस लेने की मांग करेंगे। बंद पूर्णत: शांतिपूर्ण तरीके से होगा। राजद द्वारा बिहार के सभी नागरिकों, दुकानदारों, आॅटो चालकों, परिवहन चालकों से बंद में सहयोग और समर्थन करने की अपील की गयी।
मशाल जुलूस में पूर्व विधायक कुमार राकेश रंजन, अनिरूद्ध यादव, चितरंजन गगन, मनीष यादव, देवमुनी सिंह यादव, कारी सोहैब, चन्देश्वर प्रसाद सिंह, खुर्शीद आलम सिद्दिकी, अरविन्द सहनी, सतीश चन्द्रवंशी, निराला यादव, निर्भय अम्बेदकर, मदन शर्मा, बबलू मालाकार, सावन गुप्ता, डॉ. पे्रम कुमार गुप्ता, डॉ. कुमार राहुल सिंह, नन्दू यादव, प्रो. रामबली सिंह चन्द्रवंशी, हरिनारायण यादव, ई. अशोक यादव, देवेन्द्र प्रसाद सिंह सहित सैंकड़ों की तादाद में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता शामिल थे।