रविशंकर प्रसाद के बयान पर बिफरी कांग्रेस, करायी स्मरण

पटना। बिहार कांग्रेस ने केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के उस बयान की कड़ी आलोचना की है, जिसमें उन्होंने कहा कि आज का भारत कांग्रेस समय का भारत नहीं है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष एचके वर्मा ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को जानकारी होनी चाहिए कि देश की स्वतंत्रता के बाद 1947 में भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू एवं तत्कालीन गृह मंत्री सरदार बल्लभ भाई पटेल के प्रयास से ही देश के पांच सौ से अधिक रियासतों का देश में विलय हो सका। उन्हें यह भी स्मरण रखना चाहिए कि 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के समय तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के नेतृत्व में भारतीय सेना लाहौर तक चली गयी थी। रविशंकर प्रसाद को यह भी स्मरण रखना चाहिए कि 1971 में बंग्लादेश मुक्ति संग्राम के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व में पाकिस्तान के दो टुकड़े हो गये एवं बंग्लादेश एक अलग स्वतंत्र देश बन गया। इस युद्ध में पाकिस्तान के 91000 से अधिक पाकिस्तान के सैनिकों ने भारत के सैनिक के सामने आत्मसमर्पण किया था।
श्री वर्मा ने कहा कि आज केन्द्र सरकार का लोगों की मूलभूत समस्याओं से ध्यान हट गया है। पेट्रोल एवं डीजल की प्रत्येक दिन बढ़ती कीमत ने लोगों की कमर तोड़ दी है। अगर चीनी सेना भारतीय भू-भाग में घुसपैठ नहीं की है, तो भारतीय एवं चीनी सेना के कमांडरों की बैठक में चीनी कमांडर पीछे हटने की बात क्यों कर रहे हैं तथा गलवान घाटी पर चीन अपना दावा कैसे कर रहा है।

You may have missed