January 1, 2026

युवा नेता संतोष शर्मा की हत्या के विरोध में लोजपा (से.) ने उपवास कर दिया धरना

पटना। लोजपा (सेक्यूलर) ने मंगलवार को बेगूसराय के नावाकोठी थाना द्वारा युवा लोजपा (से.) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर संतोष शर्मा को पीट-पीट कर हत्या किए जाने की घटना की जांच पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश से कराने, मृतक के परिजन को दस लाख रुपए मुआवजा देने, दोषी पुलिसकर्मियों को फांसी की सजा देने के मांग के समर्थन में लॉक डाउन और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करते हुए संपूर्ण बिहार में भूूख हड़ताल कर एक दिवसीय धरना दिया।
इसी क्रम में आज पटना के चितकोहरा स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सत्यानन्द शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष विष्णु पासवान, केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष ललन पासवान, युवा लोजपा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार पासवान, कामता प्रसाद चन्द्रवंशी, डॉ. शिवनाथ सिंह, सरोज गुप्ता, श्याम प्रसाद यादव ने एक दिन उपवास कर धरना दिया।
राज्य पार्टी मुख्यालय से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में पार्टी प्रवक्ता विष्णु पासवान ने बताया कि पार्टी द्वारा पूर्व में दिए गए आदेशों के अनुसार नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने घरों में ही धरना दिया। इसी क्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुशवाहा आशियाना पटना में, प्रो. सचिन मसौढ़ी में, जितेन्दर पासवान गया में, कुमार योगेन्दर प्रताप नवादा में, सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दानापुर में, अलवेला राय छपरा में, शिक्षक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रो. राम प्रवेश यादव, खेमनीचक में, नन्दकिशोर यादव दीघा में, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्षा अंजु देवी सगुना मोड़ पर अपने-अपने घरों में धरना दिया। वहीं राम भरोस शर्मा और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय सिंह ने समस्तीपुर में धरना पर बैठे। पार्टी मुख्यालय को दूरभाष पर प्राप्त सूचना के अनुसार बिहार के रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, जमुई, भागलपुर, मुंगेर, आरा, सारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढी, सहरसा, मधेपुरा सहित राज्य के 34 जिलों में लोजपा (से.) के कार्यकर्ताओं ने भूख हड़ताल कर धरना दिया।

You may have missed