यशवंत सिन्हा ने पटना से शुरू किया बदलो बिहार अभियान
पटना। पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने पटना के शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर बदलो बिहार अभियान का आगाज किया। इसके बाद उनका पहला पड़ाव जहानाबाद होगा। इसके बाद बोध गया, सासाराम, भभुआ, बक्सर, भोजपुर आदि जिलों का दौरा कर पटना वापस लौटेंगे।
उन्होंने कहा कि वे बिहार के सभी जिलों में जन संवाद रैली के माध्यम से लोगों से जुड़ेंगे। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने बताया कि तीसरा मोर्चा चुनाव लड़ेगा। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार को हटाना है।
रविवार को दिल्ली से पटना पहुंचे पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार पर भी जमकर हमला बोला। कहा कि राज्य की बदतर स्थिति के लिए राजग सरकार जिम्मेवार है। लगभग 15 सालों तक सत्ता में रहने के बावजूद विकास नहीं हो पाया। बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बिहार के कुछ नेताओं के साथ मिलकर तीसरे मोर्चे के गठन का ऐलान किया है। यशवंत सिन्हा ने बिहार में एक नए राजनीतिक विकल्प की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि उनका फ्रंट बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ेगा। उन्होंने खुद भी चुनाव लड़ने के संकेत दिये। यशवंत सिन्हा ने कहा था कि उनका फ्रंट मजबूती से चुनाव लड़ेगा। यह भविष्य बताएगा कि वे तीसरे फ्रंट हैं या पहले फ्रंट हैं।


