मोकामा में सनसनीखेज वारदात : छात्रा की जलाकर हत्या, क्षेत्र में तनाव, सभी आरोपित फरार

पटना। पटना जिला के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा में सोमवार को सनसनीखेज वारदात हुई है। घटना से क्षेत्र में तनाव का महौल व्याप्त है। आज सुबह हाथीदह थाना क्षेत्र के महेंद्रपुर में घर में सो रही एक किशोरी के शरीर पर मिट्टी का तेल डाल आग लगाकर हत्या कर दी गई। परिजनों को ओर से इस मामले को लेकर नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गई है। बाढ़ के नवनियुक्त एएसपी अम्बरीश राहुल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल छानबीन जारी है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की पड़ताल की जाएगी।
मिली जानकारी के मुताबिक हाथीदह थाना क्षेत्र के महेंद्रपुर निवासी राजेश सिंह की 15 वर्षीय बेटी नौवीं कक्षा की छात्रा थी। स्वजनों के अनुसार वह अपने कमरे में सो रही थी। सोमवार सुबह करीब 3 बजे उसके अचानक चिल्लाने की आवाज सुनकर जब परिजन दौड़े तो उन्होंने देखा कि वो कमरे से जलते हुए बाहर की ओर भाग रही थी। इस घटना के दौरान आरोपित पड़ोसी प्रदीप राज उर्फ गोंगा अपने साथियों के साथ मौके से भागते देखा गया। परिजन तत्काल गंभीरावस्था में छात्रा को मरांची स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बचाने के क्रम में उसकी मां भी आग की चपेट में आ गई है। मां का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना से आक्रोशित लोगों ने हाथीदह थाना के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
घटना की सूचना पर पहुंचे अधिकारी मामले की छानबीन कर रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हाथीदह, मोकामा, मरांची, घोसवरी और पचमहला थाने की पुलिस कैंप कर रही है। इस मामले के मुख्य आरोपी प्रदीप राज उर्फ गोंगा महेंद्रपुर निवासी स्व. कारू महतो का नाती बताया जाता है। काफी लंबे समय से पूरे परिवार के साथ अपने ननिहाल में ही रह रहा है। प्रदीप के पिता विनोद महतो भी यहीं रहकर मजदूरी करते हैं। घटना के बाद से प्रदीप और उसके साथी फरार हैं। घटना के कारणों को फिलहाल कुछ पता नहीं चल पाया है।
घटना के बाबत परिजनों ने हाथीदह थाने में प्रदीप राज उर्फ गोंगा, नीतीश कुमार, अमित कुमार, विजय कुमार एवं दीपक कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। परिजनों के मुताबिक कमरे में सो रही बेटी के ऊपर केरोसिन का तेल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया गया।

You may have missed