मोकामा : छात्रा को जलाकर मारने वाला मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार

बाढ। पटना जिला के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा में सोमवार की सुबह हाथीदह थाना क्षेत्र के महेंद्रपुर में घर में सो रही एक किशोरी के शरीर पर मिट्टी का तेल डाल आग लगाकर हत्या किए जाने के मामले में मुख्य नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार 25 मई को हाथीदह थाना क्षेत्र में एक 14 साल की लड़की को पड़ोसी लड़का ने अहले सुबह घर में घुसकर आग लगा दिया था, जिसके कारण उक्त छात्रा की मौत हो गई थी। इस मामले में हाथीदह थाना में केस संख्या 43/20 दर्ज किया गया था, जिसमें प्रदीप कुमार उर्फ गोंगा, पिता विनोद महतो को कांड का मुख्य नामजद अभियुक्त बनाया गया था। इस घटना के बाद मामले ने राजनीतिक रंग लेना शुरू कर दिया था, जिसके कारण पुलिस पर दबाव बढ़ती जा रही थी और घटना के तीसरे दिन पुलिस ने छापेमारी करते हुए मुख्य अभियुक्त प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
बता दें हाथीदह थाना क्षेत्र के महेंद्रपुर निवासी राजेश सिंह की 15 वर्षीय बेटी नौवीं कक्षा की छात्रा थी। वह अपने कमरे में सो रही थी। सोमवार सुबह करीब 3 बजे उसके अचानक चिल्लाने की आवाज सुनकर जब परिजन दौड़े तो उन्होंने देखा कि वो कमरे से जलते हुए बाहर की ओर भागी। इस घटना के दौरान आरोपित पड़ोसी प्रदीप राज उर्फ गोंगा अपने साथियों के साथ मौके से भागते देखा गया था। परिजन तत्काल गंभीरावस्था में छात्रा को मरांची स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बचाने के क्रम में उसकी मां भी आग की चपेट में आ गई है। मां का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
