मैट्रिक व इंटर के रिजल्ट में नहीं होगी देरी : बिहार बोर्ड
पटना। मैट्रिक व इंटर की परीक्षार्थियों के लिए राहत वाली खबर है। खबर यह है कि मैट्रिक व इंटर के परीक्षाफल में किसी प्रकार की लेटलतीफी नहीं होगी, समय पर रिजल्ट जारी कर दिए जाएंगे। मंगलवार को शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव आर के महाजन ने कहा कि कोरोना को लेकर मैट्रिक व इंटर के मूल्यांकन पर कोई खासा असर नहीं पड़ेगा। दोनों ही परीक्षाओं के रिजल्ट अपने तय समय पर ही जारी होंगे। उन्होंने कहा कि यह शिक्षकों के सहयोग से ही संभव हो रहा है। इंटर की कापियों का मूल्यांकन समय पर चल रहा है। पुराने शिक्षक, अतिथि शिक्षक, वित्तरहित संस्थानों के शिक्षक और कुछ नियोजित शिक्षक मूल्यांकन कार्य में जुटे हुए हैं। मैट्रिक का भी मूल्यांकन आरंभ हो चुका है। कापियों के मूल्यांकन में कोई विलंब नहीं हुआ है।
श्री महाजन ने बताया कि मूल्यांकन केन्द्रों पर जो शिक्षक कापी जांच करने आ रहे हैं, कोरोना वायरस से बचाव के लिए विभाग ने उनकी सुरक्षा का बंदोबस्त कर दिया है। सोमवार को ही उन्होंने निर्देश दिया है कि सभी मूल्यांकन केन्द्रों पर हाथ धोने के लिए पानी और साबुन की व्यवस्था की जाये। इसके साथ ही आपस में एक दूरी भी बनाकर रखनी होगी ताकि कोई इनफेक्टेड है तो उसकी चपेट में दूसरा न आए।


