मुंगेर से लगने वाले भागलपुर, बांका और लखीसराय जिलों के बॉर्डर का एसपी ने किया निरीक्षण
मुंगेर। पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह द्वारा जिला से लगने वाली विभिन्न सीमाई चेक पोस्टों का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह द्वारा देर रात मुंगेर जिला से लगने वाले विभिन्न जिलों की सीमाओं पर बने चेक पोस्टों का निरीक्षण किया गया। मुंगेर जिला से लगने वाले भागलपुर, बांका और लखीसराय जिलों की सीमा पर बने चेक पोस्टों का निरीक्षण देर रात किया गया। इस दौरान सभी चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों को अतिरिक्त चौकसी बरतने तथा हर गाड़ियों की चेकिंग का निर्देश दिया गया। बता दें बिहार का मुंगेर जिला कोरोना हॉटस्पॉट बनकर उभरा है।


पुलिस अधीक्षक ने जिला में प्रवेश करने वाली सभी गाड़ियों की गहनता से जांच करने तथा उसका रिकॉर्ड संधारित करने का भी निर्देश दिया। मुंगेर जिला में जो भी गाड़ी प्रवेश करेगी उसका डेटाबेस तैयार किया जाएगा। हर गाड़ियों को अंदर तक चेक करने का भी कड़ा निर्देश दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने हेमजापुर ओपी, बरियारपुर थाना, संग्रामपुर थाना, असरगंज थाना, गंगटा थाना क्षेत्रों में चेक पोस्टों का स्थल निरीक्षण कर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। कुछ सीमाई चेक पोस्टों पर सीसीटीवी कैमरे और रोशनी की व्यवस्था नहीं थी। इन समस्याओं से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया गया है ताकि हर पोस्ट पर सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था हो सके। पुलिस अधीक्षक ने करीब पांच घंटे तक स्थल निरीक्षण कार्यक्रम किया। उन्होंने कहा कि चेक पोस्ट से गुजरने वाले हर व्यक्ति और हर गाड़ी की जांच कराई जाएगी। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक हरिशंकर कुमार, कासिम बाजार थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, बासुदेवपुर ओपी अध्यक्ष स्वयंप्रभा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

