मुंगेर में पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़, कुख्यात भोपट गिरफ्तार, असलहे बरामद

मुंगेर। बिहार के मुंगेर जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच करीब एक घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद एसपी लिपि सिंह के निर्देश पर एसआइओयू (स्पेशल इंटेलिजेंस एंड आपरेशन यूनिट) की टीम ने कुख्यात गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चली। मुंगेर पुलिस ने उक्त कार्रवाई रविवार देर रात की। सोमवार को एसपी लिपि सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि अपराधियों की तरफ से 10 से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए 6 राउंड फायरिंग की।
गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए एसपी लिपि सिंह ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सदर अनुमंडल क्षेत्र के बरियारपुर थाना इलाके में कुछ अपराधियों के मूवमेंट की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद एसआइओयू के प्रभारी इंस्पेक्टर विनय सिंह के नेतृत्व में टीम गठित किया गया। टीम ने बरियारपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन के साथ मिलकर मंशा बाबा स्थान के पास अपराधियों की घेराबंदी और धर पकड़ के लिए अभियान चलाया। बरियारपुर थाना क्षेत्र के मंशा बाबा स्थान के पास अपराधियों की घेराबंदी के दौरान पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस बल ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिग कर भाग रहे अपराधियों को खदेड़ा। तीन अपराधी तो एक बाइक पर भागने में सफल रहे, जबकि एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने कहा कि गिरफ्तार अपराधी प्रमोद यादव उर्फ भोपट यादव मुंगेर के कासिम बाजार थाना अंतर्गत हेरू दियारा का रहने वाला है। उसके पास से एक सेमी आॅटोमेटिक पिस्टल, एक कट्टा और छह गोलियां बरामद की गई है। भोपट यादव पर जिले में विभिन्न थानों में 20 मामले दर्ज हैं। एसपी ने कहा कि भोपट यादव मिनी गन फैक्ट्री का भी संचालनकर्ता है और पटना सहित दूसरे शहरों में हथियार बेचने के धंधे में भी लिप्त था। गिरफ्तार आरोपित भोपट यादव पहले भी पुलिस पर हमला कर चुका है और पहले भी इसके खिलाफ पुलिस पर हमले के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

You may have missed