मुंगेर में आपसी विवाद में चाकू मारने वाले दो बदमाश कुछ ही घंटों में गिरफ्तार
मुंगेर। बिहार के मुंगेर जिला के जमालपुर थाना क्षेत्र के छोटी केशोपुर में आपसी विवाद में चाकूबाजी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। थाना क्षेत्र के छोटी केशोपुर में नथुनी राम पर दो बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया था तथा गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक सदर हरिशंकर कुमार ने तत्काल टीम का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया। एएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रंजीत दास और बिट्टू दास को गिरफ्तार कर लिया। दोनों छोटी केशवपुर के रहने वाले हैं। इनके पास से घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। एएसपी सदर ने बताया कि मामले में जमालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी तथा घटना के आठ घंटे के अंदर ही घटना को अंजाम देने वाले दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी की गई तथा घटना में इस्तेमाल हथियार को भी बरामद कर लिया गया है। एएसपी सदर हरिशंकर ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा जमालपुर थानाध्यक्ष को आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र शीघ्र समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।


