मामलों के उदभेदन और उत्कृष्ट कार्य के लिए बाढ़ और मोकामा थाना के प्रभारी को मिला सम्मान व बधाई
बाढ़। विगत 14 जनवरी को बाढ़ अनुमंडल के घोसवरी थाना अंतर्गत रामनगर गांव के बलराम महतो के 11 वर्षीय पुत्र रवि किशन का फिरौती के लिए अपहरण कर लिया गया था। जिसके संदर्भ में घोसवरी थाना कांड संख्या 5/20 धारा 364A/34 भादवि प्रतिवेदित की गई। उक्त घटना के प्रतिवेदित होते ही बाढ़ थानाध्यक्ष संजीत कुमार द्वारा तकनीकी सहयोग एवं त्वरित कार्रवाई किया गया। जिससे घटना के मात्र 8 घंटा के अंदर अपहृत रवि किशन को सकुशल बरामद किया गया, साथ ही तीन अपहरणकर्ताओं को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया।

पटना एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने पत्र के माध्यम से बाढ़ थानाध्यक्ष द्वारा किए गए इस कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए बधाई दिया है। उन्होंने अपने बधाई संदेश में कहा है कि बाढ़ थाना अध्यक्ष की इस कार्रवाई से पुलिस की छवि निखङी है तथा आम जनों का पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। यह आपकी कुशल कार्यशैली, अभिरुचि एवं तन्मयता का परिचायक है।
वहीं मोकामा थाना कांड संख्या 05/20, दिनांक 7 जनवरी, धारा 326/379 के कांड का उद्भेदन करते हुए घटना में संलिप्त गिरोह के तीन अपराधियों को अपराध की योजना बनाते हुए बाढ़ थाना क्षेत्र से रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। उक्त कार्य के लिए अहम भूमिका निभाने वाले बाढ थानाध्यक्ष संजीत कुमार और मोकामा थाना अध्यक्ष राजनंदन को 2-2 हजार की राशि देकर पुरस्कृत किया गया है।


