मसौढी में 33 तो गोपालगंज में 465 किमी में बनी मानव श्रृखंला

संवाद सहयोगी, मसौढी। जल जीवन हरियाली, बालविवाह व दहेज उन्मूलन और नशामुक्ति को लेकर रविवार को मसौढ़ी प्रखंड के कुल 33 किलोमीटर में मानव श्रृखंला बनाई गई। इसे लेकर रविवार को निर्धारित अपनी जगहों पर विभिन्न सरकारी और निजी विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों के बच्चे, बाल विकास परियोजना की आंगनबाड़ी सेविकाएं, जीविका दीदी, पंचायत प्रतिनिधि, कर्मी, राजनीतिक व सामाजिक कार्यकर्ता समेत अन्य लोग मानव श्रृखंला बना खड़े थे। उनके हाथों में इससे संबंधित तख्तियां थी और वे नारे भी लगा रहे थे। एडीओ संजय कुमार, बीडीओ पंकज कुमार, सीओ योगेंद्र कुमार और प्रखंड प्रमुख रमाकांत रंजन खुद मानव श्रृखंला का मुआयना कर रहे थे। विधि व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सुबह से ही मुस्तैद था। इधर पटना व जहानाबाद की सीमा पर स्थित नदौल के पास मानव श्रृखंला को लेकर तोरणद्वार भी बनाया गया था।
गोपालगंज में बनाई गयी 465 किमी में मानव श्रृंखला


गोपालगंज। जिले में आज जल जीवन हरियाली और नशा मुक्ति के समर्थन में एवं बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ मानव श्रृंखला को सफल बनाने को लेकर गोपालगंज के सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन, जिलाधिकारी अरशद अजीज, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी और सभी आला अधिकारी से लेकर शहर से लेकर गांव-गांव तक बनने वाली मानव श्रृंखला में पूरे जोश के साथ स्कूली बच्चों से लेकर आम आदमी तक ने हिस्सा लिया। आपको बता दें कि गोपालगंज में बनी मानव श्रृंखला 465 किलोमीटर की थी। जिले के सभी वर्गों के लोग इसमें शामिल थे। यहां तक की मानव श्रृंखला को सफल बनाने के लिए महिलाएं भी पूरे जोश के साथ हिस्सा लेती हुई दिखाई दी। यह मानव श्रृंखला पूरे देश-विदेश में बिहार के नाम का परचम लहराता हुआ दिखाई दिया।

You may have missed