February 16, 2026

PATNA : मवेशी चोर को रंगे हाथ पकड़ पीट-पीट कर मार डाला, सात गिरफ्तार

फुलवारीशरीफ। पटना के फुलवारीशरीफ स्थित एफसीआई के पास के खटालों से लगातार मवेशी चोरी की घटना से मवेशी पालक परेशान थे। मंगलवार की देर रात में दो युवक मवेशी चोरी करने पहुंचे थे कि इस दौरान मवेशी पालकों की नींद खुल गई और दोनों मवेशी चोरों को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया और पिटाई करने लगे, जबकि एक चोर भागने में कामयाब हो गया। इधर पकड़े गए मवेशी चोर को लोगों ने कानून को हाथ में लेते हुए जमकर पिटाई कर अधमरा कर दिया। घटना की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने आनन फानन में बुरी तरह जख्मी युवक को पीएमसीएच ले गयी, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी।

मृतक की शिनाख्त वैशाली के देसरी थाना के सारा गणेश गांव निवासी नूरजहां खातून के बेटे आलमगीर के रूप में हुई है। फुलवारी में मृतक की बहन का घर कर्बला मुहल्ले में है। इस मामले में पुलिस ने एफसीआई रोड में खटाल चलाने वाले श्रीकांत राय के परिवार के सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों ने खटाल वाले के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इधर, बेटे की पीट-पीट कर हत्या किए जाने की जानकारी मिलते ही पटना पहुंची मृतक की मां नूरजहां खातून की रोते रोते बुरा हाल है।

You may have missed