मन की बात में बोले पीएम मोदी : आजकल कुछ सोशल मीडिया पोस्ट से देश का मनोबल गिरता है

भाजपाईयों ने सुनी प्रधानमंत्री के मन की बात

भागलपुर। मन की बात 67वें रेडियो कार्यक्रम को भागलपुर भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय के आग्रह पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने घर पर ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन को सुना। प्रधानमंत्री ने रविवार को 67वीं बार मन की बात कार्यक्रम में देश की जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा- युद्ध मैदान में ही नहीं लड़े जाते, आजकल कुछ सोशल मीडिया पोस्ट से देश का मनोबल गिरता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मास्क लगाने में परेशानी हो तो कोरोना वॉरियर्स को याद करें, वे घंटों पीपीई किट पहनते हैं। उन्होंने करगिल युद्ध के 21 साल पूरे होने पर इस जंग में जान गंवाने वाले भारतीय सैनिकों को याद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने भारत की पीठ में छुरा घोंपने की कोशिश की थी। दुश्मन पहाड़ पर बैठा था, लेकिन जीत भारतीय सेना के हौसले और सच्ची वीरता की हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि वो दिन सबसे अनमोल क्षणों में से एक है। सोशल मीडिया पर भी लोग अपने वीरों को नमन कर रहे हैं। मैं सभी देशवासियों की तरफ से उन वीर माताओं को नमन करता हूं। जिन्होंने ऐसे वीरों को जन्म दिया। प्रधानमंत्री के संबोधन में 7 अहम बातें कही गई। इस कार्यक्रम को जिला महामंत्री देवव्रत घोष, अभिनव कुमार, मुरारी पासवान, जिला उपाध्यक्ष दिलीप निराला, विपुल सिंह, पवन मिश्रा, विजय कुमार कुशवाहा, श्यामल किशोर मिश्रा समेत अनेकों कार्यकर्ता के द्वारा सामाजिक दूरी का ख्याल रखते हुए अपने-अपने घर में प्रधानमंत्री के मन की बात रेडियो कार्यक्रम को सुना। वहीं महेशी शक्ति केंद्र बूथ नंबर 94, 95 में सुल्तानगंज विधानसभा आईटी सेल एवं सोशल मीडिया संयोजक मनोरंजन कुमार मिश्रा के नेतृत्व में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सुना गया।