February 16, 2026

BIHAR : आम सभा में मछुआरों ने उठाई 1 रुपए के टोकन पर तालाबों की बंदोबस्ती करने की मांग, भ्रष्टाचार पर लगेगा अंकुश

पटना। बिहार राज्य मत्स्यजीवी सहकारी संघ की सोमवार को वार्षिक आम सभा हुई। आम सभा में बिहार एवं झारखंड राज्य से आये मछुआरों ने राज्य सरकार से एक रुपए के टोकन राशि पर सरकारी तालाबों की बंदोबस्ती करने की मांग उठाई। मछुआरों ने कहा कि एक रुपए टोकन पर तालाबों के बंदोबस्ती होने से मछुआरों को बहुत बड़ी राहत मिल सकती हैं। साथ ही इससे विभागीय भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। सभा की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष सकलदेव सहनी ने की। जबकि आम सभा में आये अतिथियों का स्वागत संघ के प्रबंध निदेशक ऋषिकेश कश्यप ने किया।
आम सभा को संबोधित करते हुए ऋषिकेश ने कहा कि संघ मछुआरों के हितों की रक्षा के लिये हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में 70 हजार से अधिक तालाबों की बंदोबस्ती मत्स्य विभाग के माध्यम से प्रति वर्ष किया जाता है। इन तालाबों के लिये मछुआरों को करोड़ों रुपए सरकार को भुगतान करना पड़ता है। इसके अलावा गरीब मछुआरों से तालाब बंदोबस्ती के नाम पर बड़ी राशि मत्स्य अधिकारी वसूल लेते हैं। अगर सरकारी स्तर एक रुपए के टोकन पर तालाबों की बंदोबस्ती की जाए तो मछुआरों को आर्थिक शोषन से बचाया जा सकता है।
श्री कश्यप ने कहा कि पैक्स की तरह मछुआरों की सहकारी समितियों के लिए भवन निर्माण, कार्यालय के लिए कम्प्यूटर आदि की व्यवस्था की जाए। जिन इलाकों में सुखाड़ की समस्या बनी हुई है, उन इलाकों के तालाबों की राजस्व माफ की जाए एवं पूर्व के बकाया कर्ज को माफ किया जाए। आगामी 10 जुलाई को मछुआ दिवस को बड़े धूमधाम से मनाने का भी निर्णय लिया गया। आगे उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मछुआ समितियों में केवल मछुआरे ही रहें। उन्होंन कहा कि खुली डाक की परम्परा समाप्त कर एक रुपए टोकन पर सरकारी तालाबों की बंदोबस्ती मछुआ समितियों के साथ की जाएगी। बैठक में श्री कश्यप ने कहा कि राज्य में जिला मत्स्य पदाधिकारियों द्वारा मनमाने तरीके से तालाबों के राजस्व में वृद्धि कर दी गई है। इसे गरीब मछुआरों के सामने भूखमरी की समस्या उत्पन्न हो गई है। कहा कि मछुआ समाज एकजुट है और सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार है, बशर्ते सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करते रहें।
मंच संचालन नरेश कुमार सहनी ने किया। इस अवसर पर संघ के निदेशक, राजकुमार केवट, श्रीमति पद्मजा प्रियदर्शी, अजेन्द्र कुमार, प्रदीप कुमार सहनी, बजेन्द्रनाथ सिन्हा, मिडिया प्रभारी जयशंकर, अजय कुमार मंडल, मुन्ना चौधरी, लड्डु सहनी ने सभा को संबोधित किया।

You may have missed