मंत्री नितिन नवीन ने संभाला पदभार, कहा- आत्मनिर्भर बिहार के सपने को पूरा करने के लिए युवाओं को रोजगार से जोड़ने का करेंगे काम
पटना। गुरूवार दोपहर एक बजे बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने मंत्रालय पहुंच कर वैदिक मंत्रोचार के बीच अपना पदभार ग्रहण किया। सबसे पहले पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा ने पुष्प गुच्छ से उनका स्वागत किया। स्वागत करने वालो में बीएसआरडीसी के एमडी पंकज कुमार, पुल निगम के अध्यक्ष पंकज कुमार पाल, अभियंता प्रमुख राजकुमार लाल के साथ संयुक्त सचिव शैलजा शर्मा भी थे।


अपने विभाग की भविष्य की कार्ययोजना के बारे में मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि 2006 से विभाग में अविस्मरणीय काम हुए हैं और पूरे बिहार में सड़कों का जाल बिछाया गया है। उस काम को और आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जो भरोसा किया है, उनके विश्वास पर खरा उतरने की चुनौती है। जिसे अवसर में बदलने का मौका मुझे मिला है और इसमें सफल होना मेरी प्राथमिकता है। बिहार के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उत्पन्न करने के लिए विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर योजना पर काम करेंगे। पदभार ग्रहण करने के उपरांत मंत्री नितिन नवीन ने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों और पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। इसी कड़ी में कल बीएसआरडीसी के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की जाएगी।
नितिन नवीन ने अपने स्व. पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की तस्वीर अपने कार्यालय कक्ष में लगाया और कहा कि पिता के संघर्ष की बुनियाद पर ही उन्होंने आज तक राजनीतिक जीवन का सफर किया है, उनकी तस्वीर मेरे लिए संकल्प के समान है। पिता के आशीर्वाद के साथ-साथ राजनीति में धैर्य, संयम और पारदर्शिता के साथ काम करना सफलता की कुंजी है और पथ निर्माण की गति को और अधिक बढ़ाने में हम सफल होंगे। इस ऐतिहासिक क्षण पर उनके साथ उनकी पत्नी दीपमाला सिन्हा, दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया और कुम्हरार विधायक अरुण सिन्हा भी उपस्थित थे।
मंत्रिमंडल में शामिल युवा और अनुभवी मंत्रियों की ओर इशारा करते हुए पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि वरिष्ठ और अनुभवी लोगों के मार्गदर्शन में बिहार की 12 करोड़ जनता की अपेक्षा पर खरा उतरना और आत्मनिर्भर बिहार बनाने की दिशा में काम करते हुए बिहार का विकास पूरी निष्ठा और सेवा-भाव से करना हमारा लक्ष्य होगा।

