February 17, 2026

मंत्रियों, सांसदों, जजों का फोन टेप मामला: कांग्रेस प्रवक्ता बोले- मोदी सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही

पटना। बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने केंद्र सरकार द्वारा मंत्रियों, सांसदों, जजों तथा सरकारी कार्यालयों के फोन टेप करने तथा रिकॉर्ड डाटा उपलब्ध कराने के लिए टेलीकॉम कंपनियों पर दबाव बनाने के मामले को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने कहा है कि इस देश में नरेंद्र मोदी सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। संवैधानिक नियमों के विपरीत जाकर अपने ही सरकार के मंत्रियों, हाईकोर्ट-सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों के फोन रिकॉर्ड किया जाना आखिर क्या प्रमाणित करता है? क्या सरकार अपने ही मंत्रिमंडल के मंत्रियों, सांसदों तथा न्यायाधीशों को देशद्रोही मानती है? अगर नहीं तो फिर केंद्र सरकार देश की जनता को बताएं कि आखिरकार क्यों उन्हें अपने ही सरकार के मंत्रियों तथा सांसदों एवं जजों के फोन टेप करने तथा रिकॉर्ड डाटा निकालने की जरूरत आन पड़ी।
राजेश राठौड़ ने कहा कि यह अपने आप में एक बहुत ही गंभीर विषय है। एक लोकतांत्रिक देश में किसी सरकार के द्वारा ऐसा कदम उठाया जाना, उसके तानाशाही रवैया को दर्शाता है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र सरकार को यह बताना होगा कि डीओटी किसके आदेश से टेलीकॉम कंपनियों पर ऐसा करने के लिए दबाव बना रही है। टेलीकॉम कंपनियों ने खुद इस बात का खुलासा किया है कि डीओटी के द्वारा उन्हें मंत्रियों-सांसदों तथा कई जजों के फोन कॉल रिकॉर्ड तथा डाटा देने के लिए बाध्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस मामले में चुप्पी बताती है कि पूरी की पूरी दाल ही काली है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश में न्यायपालिका, विपक्ष समेत अपने पार्टी एवं गठबंधन के भी मजबूत नेताओं को नेस्तनाबूद करना चाहती हैं। इसलिए बड़े पैमाने पर नियमों के विरुद्ध जाकर मंत्रियों-सांसदों एवं जजों के फोन कॉल रिकॉर्ड के लिए टेलीकॉम कंपनियों पर दबाव बनाया जा रहा है।

You may have missed