November 21, 2025

भारतीय तटों से लौटाए गए 25 हजार से ज्यादा यात्री, संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर हुई 107

CENTRAL DESK : कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए भारत सरकार ने अब तक 700 से अधिक जहाजों के 25 हजार से अधिक यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को भारतीय तटों पर नहीं उतरने दिया। उक्त जानकारी जहाजरानी मंत्रालय के अधिकारी ने दी। माल चढ़ाने और उतारने पर पाबंदी के अलावा सरकार ने एक फरवरी के बाद कोरोना से प्रभावित देशों से आये किसी भी अंतरराष्ट्रीय क्रूज जहाज, चालक दल के सदस्यों और यात्रियों के प्रवेश पर पिछले हफ्ते 31 मार्च तक के लिए रोक लगा दी थी।
अधिकारी ने कहा, ’13 मार्च तक 703 जहाजों से 25,504 यात्री और चालक दल के सदस्य चीन या अन्य प्रभावित देशों से भारतीय तटों पर पहुंचे। हालांकि, इस वायरस के फैलने की आशंका से एहतियात के तौर पर उन्हें उतरने नहीं दिया गया। उन्हें निर्धारित स्थान पर ठहरने को कहा गया है, लेकिन 26 जनवरी के बाद ऐसे चालक दल के सदस्यों एवं यात्रियों को कोई तटीय पास नहीं जारी किया गया।’
अधिकारी ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुसार विदेश से आये जहाजों के सभी यात्रियों एवं चालक दल के सदस्यों को स्कैन किया जा रहा है और उन्हें सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। सभी जरूरी नियमों का पालन किया जा रहा है और बुखार व बीमारी की स्थिति में मदद पहुंचाई जा रही है।
भारत में 12 बड़े बंदरगाह
दीनदयाल (कांडला) मुंबई, जेएनपीटी, मार्मागुआ, न्यू मेंगलुरु, कोच्चि चेन्नई, कामराजार इन्नोर, वीओ चिदंबरनार, विशाखापत्तनम, पारादीप और कोलकाता हैं।
भारत में मरीजों की संख्या 107
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 12 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 107 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस आंकड़ें में वे दो लोग भी शामिल हैं जिनकी दिल्ली और कर्नाटक में मौत हो चुकी है। दिल्ली में कोरोना के सात, उत्तर प्रदेश में 11, कर्नाटक में छह, महाराष्ट्र में 31, लद्दाख में तीन और जम्मू-कश्मीर में दो मामले सामने आए हैं। राजस्थान में कोरोना वायरस के दो केस पाए गए हैं। कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पंजाब में एक-एक व्यक्ति को कोरोना से संक्रमित पाया गया है।

You may have missed