भाजपा नेता का आरोप : बाढ़ प्रभावित कुचायकोट प्रखंड के कम्युनिटी किचन में कुव्यवस्था का आलम

गोपालगंज (शैलेश कुमार तिवारी)। बिहार के गोपालगंल जिले के कुचायकोट प्रखंड के काला मटिहनिया पंचायत का वार्ड नंबर 6 एवं 3 बुरी तरह से बाढ़ से प्रभावित है। सरकार द्वारा चलाए जा रहे कम्युनिटी किचन में कुव्यवस्था का आलम देखा जा रहा है। सरकार की मंशा एवं मानक के हिसाब से लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। उक्त बातें भाजपा के जिला उपाध्यक्ष पंचदेवरी के पूर्व प्रमुख रवि प्रकाश मणि त्रिपाठी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के भ्रमण एवं कम्युनिटी किचन के निरीक्षण के बाद कही।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों का कहना है कि जब से सामुदायिक रसोई की शुरूआत हुई है तब से सब्जी के नाम पर केवल आलू-सोयाबीन की सब्जी दी जा रही है वो भी आलू बगैर छिले हुए। अब तक हरी सब्जी के नाम पर कुछ भी नहीं दिया गया है। यहां तक की लहसुन और प्याज भी नहीं दिया जा रहा है। श्री त्रिपाठी ने कहा कि जो चावल खाने में बन रहा है वह चावल भी ठीक ढंग से नहीं बनाया जा रहा है, जिसका नतीजा है कि कभी-कभी चावल में छोटे-छोटे उजले रंग के कीड़े भी दिख रहे हैं।

भाजपा उपाध्यक्ष के मुताबिक काला मटिया पंचायत की वार्ड नंबर 3 एवं 6 में सामुदायिक किचन चल रहा है, जिसमें दोनों जगहों पर अव्यवस्था व्याप्त है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है जबकि दोनों गांव बुरी तरह बाढ़ के पानी में डूबा हुआ है एवं लोग छत पर एवं बांध पर शरण लिए हुए हैं। बाढ़ में बीमारी की खतरा भी बहुत बढ़ गया है। ऐसी परिस्थिति में अब तक कोई डॉक्टर भी स्वास्थ्य जांच के लिए नहीं गया है। भाजपा नेता ने बताया कि ग्रामीणों कहते हैं कि नाजिर द्वारा कहा जा रहा है सावन का महीना है इसलिए लहसुन-प्याज नहीं दिया जा रहा है। यह केवल मजाक है।श्री त्रिपाठी ने जिला पदाधिकारी अनुमंडल पदाधिकारी से मांग किया है कि तत्काल कुचायकोट प्रखंड के काला मटिया पंचायत के वार्ड नंबर 3 व 6 में चल रहे कम्युनिटी किचन में लहसुन, प्याज, तेल, हरी सब्जी एवं साफ-सुथरा चावल की व्यवस्था की जाए तथा लोगों के पीने के पानी एवं स्वास्थ्य जांच की गई व्यवस्था की जाए।