भागलपुर : तालाब खुदाई में हो रही है भारी अनियमितता, जल-जीवन-हरियाली के तहत हो रही खुदाई

भागलपुर (गौतम सुमन गर्जना)। बिहार के भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड में जल-जीवन-हरियाली के तहत तालाब की खुदाई की जा रही है। यहां लघु सिंचाई विभाग के द्वारा तालाब का जीर्णोद्धार होना है। गिरते जल स्तर को नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार की यह अति महत्वपूर्ण योजना है, लेकिन सन्हौला प्रखंड में इस योजना में व्यापक हेराफेरी, अनियमितता और मनमानी की लगातार शिकायतें मिल रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सन्हौला प्रखंड स्थित अरार पंचायत के उचड़िया गांव के समीप पीर बाबा स्थान के पास जल-जीवन-हरियाली योजना के तहत तालाब की खुदाई हो रही है, जिसमें संवेदक द्वारा तालाब की खुदाई में भारी अनियमितता, मनमानी और व्यापक हेराफेरी की जा रही है। इस काम को करा रहे मुंशी शंभू सिंह के द्वारा तालाब की मिट्टी काटकर जेसीबी द्वारा इसे ट्रैक्टर पर लोड किया जा रहा है और यहां की मिट्टी तालाब के चारों ओर नहीं फेंक इसके लिए ग्रामीणों से पैसे लेकर इस मिट्टी को बेचा जा रहा है। बताया जाता है कि संवेदक के द्वारा नियुक्त किये गये मुंशी शंभू सिंह एक सामंतवाद और अपराधी प्रवृत्ति के हैं इसलिए लोग इनका शिकायत खुलकर करने से डरते हैं और इसके लिए वे परहेज भी करते हैं।
अपना नाम नहीं छापने के शर्त पर ग्रामीणों ने बताया कि यहां जो जल-जीवन-हरियाली योजना के तहत तालाब की खुदाई हो रही है, इस खुदाई के दौरान काफी अनियमितता व मनमानी किया जा रहा है। लोगों ने बताया कि तालाब की अधिकांश मिट्टी काम करा रहे मुंशी जेसीबी द्वारा ट्रैक्टर पर मिट्टी लोड करने का पचास रुपए लेता है, फिर ट्रैक्टर से तालाब की मिट्टी जिसके पास बेचा जाता है, उससे प्रत्येक ट्रैक्टर सौ रुपया लेते हैं। इस तरह अभी तक में वे लगभग तीन लाख रूपये की मिट्टी अवैध तरीके से बेच चुके हैं। लोगों ने यह भी बताया कि उनके द्वारा जब इसकी सूचना अरार के मुखिया प्रतिनिधि बिपिन बिहारी सिंह को दिया गया तो उन्होंने कहा कि तालाब की खुदाई लघु सिंचाई विभाग की ओर से हो रही है, जिसका प्राक्कलन राशि 28 लाख रुपये के करीब है और तालाब की खुदाई करीब 9 फीट होना है। इस संबंध में विभाग के कार्यपालक अभियंता इम्तियाज आलम को सूचना देने पर उन्होंने मामले की जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने की बात कही है।

You may have missed