January 29, 2026

ब्रेस्ट कैंसर के खिलाफ जंग का एलान किया, राजधानी में हजारों महिलाओं ने किया पिंक परेड

पटना। सामाजिक संस्था गुलमोहर मैत्री की ओर से शनिवार को राजधानी में विशाल मार्च पास्ट परेड का आयोजन किया गया। गुलमोहर मैत्री के जिजीविषा-2 कार्यक्रम के तहत आयोजित इस पिंक परेड में राज्य के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, एनसीसी, स्काउट एंड गाईड, बीएमपी बैंड के अलावा कई अन्य बैंड और लगभग 1500 छात्र-छात्राएं, महिलाओं ने कदम से कदम मिलाकर ब्रेस्ट कैंसर के खिलाफ जंग का एलान किया। महिलाएं, छात्र छात्राएं हाथों में स्लोगन लिखी गुलाबी तख्तियां, गुलाबी झंडों, गुलाबी गुब्बारों, गुलाबी तितलियों के साथ पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान के गेट नंबर-2 से चलकर ईको पार्क के गेट नंबर-02 तक ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता के लिए पिंक परेड किया। पिंक परेड ईको पार्क में जाकर एक सभा में तब्दील हो गयी, जहां मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा के कर्यकारी सभापति हारूण रसीद ने द्वारा गुलाबी गुब्बारे उड़ाकर राज्य स्तरीय जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।


गुलमोहर मैत्री की संस्थापक सचिव मंजू सिन्हा ने जानकारी देते हुए कहा कि राज्य में ब्रेस्ट कैंसर पर इतने बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान का यह अपने आप में पहला और अनोखा कार्यक्रम होगा, जिसमें इतनी बड़ी संख्या में युवा पीढ़ी एवं महिलाएं एक साथ मिलकर कदम से कदम मिलाकर एक खतरनाक बीमारी के खिलाफ जंग का एलान किया है। मंजू ने बताया कि अब गुलमोहर मैत्री राज्य के हर जिलों में जाकर ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता के लिए मैत्री संवाद, हेल्थ कैंप और रक्तदान शिविरों का आयोजन करेगी। संस्था का लक्ष्य है कि अगले एक साल में हम लगभग 50 लाख लोगों तक पहुंचें और ब्रेस्ट कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करें।


मंजू सिन्हा ने जानकारी देते हुए कहा कि विश्व कैंसर दिवस 4 फरवरी के मौके पर गुलमोहर मैत्री की ओर से राज्य स्तरीय जागरूकता अभियान की शुरूआत की जा रही है। इसी उदे्श्य से एक फरवरी को पटना में पिंक परेड का आयोजन किया गया है। गुलाबी रंग स्तन कैंसर जागरूकता का प्रतीक होता है। इस मौके पर विधान पार्षद एवं पूर्व मंत्री देवेश चंद्र ठाकुर, राज्य परिवहन निगम आयुक्त सीमा त्रिपाठी के अलावा बड़ी संख्या में समाजसेवी और गणमान्य लोग मौजूद थे।

You may have missed